इविवि में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विवि 19 स्नातक पाठ्यक्रमों में लगभग 4000 सीटों पर दाखिला करेगा। नई शिक्षा नीति के तहत पहली बार चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीए-बीएड और पांच वर्षीय योग पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। विवि प्रशासन ने 13 अगस्त से पहले प्रवेश प्रक्रिया संपन्न करने का लक्ष्य रखा है।
विवि ने शुक्रवार को पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएएलएलबी (ऑनर्स), बीए-बीएड और पांच वर्षीय पर्यावरण व आपदा प्रबंधन पाठ्यक्रम की पहली मेरिट सूची जारी कर दी। बीएएलएलबी में अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 577, ओबीसी 554, एससी 530 और एसटी 436 अंक रहा। चयनित अभ्यर्थियों को 26 जुलाई शाम पांच बजे तक ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा।
वहीं, पहली बार शुरू किए गए चार वर्षीय बीए-बीएड पाठ्यक्रम में अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 369 और एसटी वर्ग का 259 अंक निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थी शनिवार दोपहर 12:01 बजे से 27 जुलाई सुबह 8:59 बजे तक प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।
प्रवेश केवल एनसीईटी-2026 के आधार पर उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जिन्होंने समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। विषय आवंटन अभ्यर्थियों की वरीयता और सीटों की उपलब्धता के अनुसार होगा।
इसके अलावा पांच वर्षीय पर्यावरण व आपदा प्रबंधन पाठ्यक्रम में अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 430 अंक तय किया गया है। इस पाठ्यक्रम के अभ्यर्थी 26 जुलाई रात 11 बजे तक शुल्क जमा कर सकते हैं।
इससे पहले बृहस्पतिवार को बीकॉम, इंटीग्रेटेड बीबीए-एमबीए, बीवोक फूड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी और इंटीग्रेटेड बीसीए-एमसीए (डाटा साइंस) की पहली मेरिट सूची जारी की गई थी। इविवि ने अभ्यर्थियों से समर्थ पोर्टल पर नियमित रूप से लॉगिन कर सीट आवंटन और प्रवेश संबंधी अपडेट देखते रहने की अपील की है।
एमए और एमपीए संगीत के छात्रों का 27 जुलाई को दस्तावेज सत्यापन
इविवि में सत्र 2026-27 के पीजी प्रवेश की प्रक्रिया तेज हो गई है। विवि ने विकास अध्ययन केंद्र में प्रवेश के लिए कटऑफ जारी करने के साथ ही एमए व एमपीए (वोकल, सितार व तबला) में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की तिथि भी घोषित कर दी है।
अभ्यर्थियों को पीजीएटी-2026 लॉगिन के माध्यम से ई-काउंसलिंग पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। ऑनलाइन काउंसलिंग की अंतिम तिथि 27 जुलाई है। केंद्र में प्रवेश के समय मूल प्रमाणपत्रों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा।
पहले से किसी विषय में पीजी कर चुके अभ्यर्थियों का प्रवेश सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और पीजीएटी-2026 के नियमों के अनुसार होगा। जारी कटऑफ के अनुसार अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के लिए 141 या उससे अधिक, ईडब्ल्यूएस के लिए 106.20 और एससी वर्ग के लिए 94 या उससे अधिक अंक निर्धारित किए गए हैं।
संगीत व प्रदर्शन कला विभाग ने एमए व एमपीए (वोकल, सितार और तबला) में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के मूल अभिलेखों का भौतिक सत्यापन 27 जुलाई को सुबह 11 बजे विभाग में कराने का निर्देश दिया है।