एक्सईएन दफ्तर में मारपीट-हंगामा करने वाले भाजपा
नेता की गिरफ्तारी न होने से अभियंताओं में उबाल
क्रासर
अभियंता संघ ने 72 घंटे का दिया अल्टीमेटम,आज डीएम से मिलेंगे
विद्युत कर्मचारी यूनियन ने भी गिरफ्तारी न होने पर काम ठप करने की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। रामबाग के एक्सईएन दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़-हंगामा मचाने व कंप्यूटर आपरेटर को पीटने वाले भाजपा युवा मोर्चा काशी प्रांत के उपाध्यक्ष श्याम प्रकाश द्विवेदी की घटना के 24 घंटे बाद गिरफ्तारी न होने से अभियंताओं की नाराजगी बढ़ गई है। अभियंता संघ की देर रात हुई बैठक में इस घटना क्रम पर पुलिस की ढिलाई को लेकर गुस्सा साफ दिखा। संघ ने पुलिस को गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। रविवार को इस मामले में अभियंता डीएम से मिलेंगे। उधर, मुख्य अभियंता एमसी शर्मा ने भी भाजपा नेता की गिरफ्तारी के लिए मंडलायुक्त व डीएम से वार्ता की। इस बीच विद्युत कर्मचारी यूनियन ने भी हमलावर नेता की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन छेड़ने का एलान कर दिया है।
फोर्ट रोड के एसडीओ शुभम मिश्रा को एक्सईएन के सामने अपमानित करने के साथ ही दफ्तर में तोड़फोड़ व कर्मचारी को पीटे जाने की घटना को लेकर शनिवार को दिन भर उठापटक जारी रही। भाजपा नेता की ओर से काउंटर एफआईआर कराने के लिए दबाव बनाया जाता रहा। पुलिस खानापूर्ति के लिए अल्लापुर स्थित इंद्रपुरी में भाजपा नेता के आवास पर गई, लेकिन खानापूर्ति कर लौट गई। इससे नाराज अभियंता संघ ने देर रात बैठक की। संघ के शाखा सचिव विजय तिवारी ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 72 घंटे का समय दिया गया है। इस अवधि के भीतर हमले के आरोपी को नहीं पकड़ा गया तो अभियंता आंदोलन की राह पर चले जाएंगे। एसडीओ शुभम ने बताया कि संघ की ओर से अभियंताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को डीएम से मिलकर घटनाक्रम की जानकारी देने के साथ ही गिरफ्तारी की मांग करेगा। इसके साथ ही विद्युत कर्मचारी यूनियन ने कंप्यूटर आपरेटर की पिटाई के मामले को लेकर आंदोलन छेड़ने का एलान किया है। यूनियन के नेताओं का कहना है कि एक्सईएन दफ्तर में आपरोटर को भाजपा नेता और उनके लोगों ने नाहक पीटा और उसका मोबाइल पटक कर तोड़ दिया। इस मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह काम ठप कर देंगे।
क्रासर
बिजली की समस्या बताने पर कराई गई एफआईआर
प्रयागराज। एक्सईएन दफ्तर में धक्कामुक्की व मारपीट के आरोपी भाजपा नेता श्याम प्रकाश द्विवेदी ने रविवार को अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण से ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा व अन्य शीर्ष नेताओं से अवगत कराया गया है। वह बिजली कटने पर जन समस्या को लेकर एसडीओ से संपर्क कर रहे थे, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। अलबत्ता एफआईआर कराने की धमकी दी थी। एक्सईएन-एसडीओ को बिजली कटने की समस्या का समाधान कराने की जानकारी देने पर उल्टा उनके खिलाफ एफआईआर करा दी गई। आपरेटर का मोबाइल अपने से गिरकर टूट गया था।