इलाहाबाद। बहुमंजिला अपार्टमेंट के लिए एनओसी का मामला उठाना नैनी सेंट्रल जेल प्रशासन को उल्टा पड़ गया है। जेल के लिए चहारदीवारी का निर्माण अवैध रूप से कराने और अंदर फ्लैट बनाने पर इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) ने मंगलवार को काम बंद करा दिया। इस दौरान जेल अधीक्षक को नोटिस भी रिसीव कराया गया। बिना एडीए की अनुमति के आगे निर्माण होने पर सील करने की भी चेतावनी दी गई।
नैनी सेंट्रल जेल के बगल में जिला कारागार के निर्माण के लिए एडीए से अनुमति नहीं ली गई। जेल प्रशासन यहां 63 एकड़ जमीन पर 15 फीट ऊंची चहारदीवारी उठाने के साथ अंदर फ्लैटों का भी निर्माण करा रहा है। नियम के तहत जेल प्रशासन को इसके लिए एडीए से अनुमति लेनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इस मामले में एडीए ने पूर्व में जेल प्रशासन को नोटिस जारी किया लेकिन रिसीव न करने पर नोटिस जेल के मुख्य गेट पर चस्पा कर दी गई थी।
इस बीच जेल प्रशासन ने जेल परिसर के बगल में बहुमंजिला अपार्टमेंट का निर्माण बिना एनओसी लिए कराने पर एडीए को पत्र जारी किया। पहले 30 जून और उसके बाद 16 सितंबर को जेल अधीक्षक की ओर से जारी पत्र में एडीए उपाध्यक्ष से निर्माण रोकने और ध्वस्तीकरण को कहा गया। जेल अधीक्षक ने शासनादेश के तहत जेल परिसर के सौ फीट के दायरे में किसी भी तरह के निर्माण के पहले कारागार विभाग की एनओसी का भी हवाला दिया।
हालांकि जेल प्रशासन के पहले पत्र के बाद ही एडीए ने मौके पर काम बंद करा दिया था लेकिन इस बीच जेल प्रशासन ने स्वयं अवैध निर्माण शुरू करा दिया।
उसे रोकने और अनुमति लेने के लिए एडीए ने पूर्व में ही जेल प्र्रशासन को नोटिस जारी किया लेकिन वहां न काम बंद हुआ और न ही एडीए से अनुमति के लिए कोई कार्रवाई हुई। एडीए के जोनल अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव ने अवैध निर्माण के संबंध में सोमवार को दूसरा नोटिस जारी किया। उनके निर्देश पर मंगलवार को दिन में भवन निरीक्षक (बीआई) शशि प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गए दस्ते ने जेल अधीक्षक को नोटिस रिसीव कराया। बीआई के मुताबिक चहारदीवारी के साथ जेल के अंदर अवैध रूप से फ्लैटों का भी निर्माण कराया जा रहा है।
एडीए ने मंगलवार को कसारी-मसारी एवं राजरूपपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। जोनल अधिकारी गुडाकेश शर्मा के नेतृत्व में गए दस्ते ने कसारी-मसारी में वसुधा विहार योजना के पास आराजी संख्या 275 पर बन रहे फॉर्महाउस को सील किया। यहां एक अन्य निर्माण सहित राकेट पार्क के पास निर्माण बंद कराया। राजरूपपुर पुलिस चौकी के पास अवैध रूप से हो रहे व्यावसायिक निर्माण को बंद कराया गया। वसुधा विहार के पास एक अन्य निर्माण भी बंद कराया गया। चारों स्थानों से निर्माण सामग्री भी जब्त की गई। कार्रवाई में जेई अश्वनी कुमार मिश्र, बीआई आरएन आजाद, रमाकांत कुशवाहा, प्रवर्तन दल एवं एडीए पुलिस बल शामिल था।