अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करते पीडीए कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज। अतीक अहमद और उसके गुर्गों का भवन जमींदोज करने के बाद पीडीए ने अवैध निर्माण करा रहे लोगों के खिलाफ बुधवार से कार्रवाई शुरू कर दी। देवघाट, देवप्रयागम और पीपल गांव में पीडीए के प्रवर्तन दल ने चार निर्माण सील किए। वहीं दो दर्जन से अधिक स्थानों पर निर्माण बंद कराकर भवन निर्माण सामग्री जब्त कर ली।
पीडीए उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल के निर्देश पर बुधवार को प्रवर्तन दल प्रभारी जोनल अधिकारी आलोक कुमार पांडेय देवघाट पहुंचे। वहां सुनील साहू, कंचन यादव तथा पीपल गांव में मुन्ना बाबू, शकुंतला देवी के निर्माणाधीन भवन की जांच की। मौके पर पाया गया कि सभी भवन स्वामियों ने पीडीए से मानचित्र स्वीकृत न कराकर अवैध निर्माण कराया है। चेतावनी के बाद भी निर्माण कार्य किया जाता मिला। सभी भवनों को सील कर नोटिस लगा चेतावनी दी गई। वहीं अन्य स्थानों पर काम बंद कराकर लेबर, मिस्त्रियों को भगाया गया।
मौके से भारी मात्रा में भवन निर्माण सामग्री जब्त की गई। जोनल अधिकारी आलोक पांडेय ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सीलबंदी और काम रोकने के बाद निर्माण कराने वालों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में क्षेत्रीय अवर अभियंता एके सिंह, प्रवर्तन दल के कर्मचारी आदि शामिल रहे।