एसआरएन अस्पताल के कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरबी कमल ने निजी कारणों का हवाला देते हुए लंबे अवकाश की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में एमएलएन मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वत्सला मिश्रा से अनुरोध किया है। ऐसे में प्राचार्य ने प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सार्थी सेन शर्मा से स्थायी रूप से एसआरएन अस्पताल के लिए प्रमुख अधीक्षक की मांग की है।
दरअसल, एसआरएन अस्पताल में स्थायी प्रमुख अधीक्षक की नियुक्ति शासन की तरफ से नए वित्तीय वर्ष में की गई थी, मगर निजी कारणों के चलते उन्होंने प्रयागराज आने में असमर्थता जताई। इसके बाद आनन-फानन फिजियोलॉजी डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. आरबी कमल को कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक बनाया गया। इससे पहले कोरोना काल के समय से एसआरएन अस्पताल में कार्यवाहक के रूप में सेवाएं दे रहे प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजय सक्सेना को कॉल्विन अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था। इस बीच हाईकोर्ट की फटकार के बाद एसआरएन अस्पताल की प्रशासनिक विभाग में मानो भूचाल सा आ गया। ऐसे में चुनौतीपूर्ण समय में जहां एक जुलाई को प्रमुख सचिव को कोर्ट के समक्ष हाजिर होना है। वहीं स्थायी प्रमुख अधीक्षक की कमी स्थानीय प्रशासन के लिए चुनाैती साबित हो रही है।