आयोग के अफसरों का कहना है कि असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती को लेकर प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है। इसके अलावा उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर के अन्य रिक्त 1250 पदों की सूची मंगा ली गई है। आयोग का पोर्टल तैयार होने के बाद इन पदों के लिए अधियाचन जारी होने की भी उम्मीद है। इसलिए आयोग पर असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में सीएम के हस्तक्षेप के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के साक्षात्कार की तिथि जल्द घोषित की जा सकती है। आयोग सूत्र के अनुसार नए अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया में देर हुई तो बुधवार तक असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के साक्षात्कार के संबंध में शासन से आदेश आ सकता है।
भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रतियोगियों का धरना कल
प्रयागराज। शिक्षा सेवा चयन आयोग में ठप भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने की मांग को लेकर प्रतियोगी बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं। इसी क्रम में युवा मंच की ओर से सोमवार को धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई है। धरना सिविल लाइंस में पत्थर गिरजाघर के पास दिया जाएगा। मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह का कहना है कि प्रो.कीर्ति पांडेय के इस्तीफे के बाद आयोग में सबकुछ ठप हो गया है। इससे प्रतियोगियों का भविष्य अंधकार में है तथा उनमें नाराजगी है। उन्हाेंने कहा कि नए अध्यक्ष की जल्द नियुक्ति करने या कार्यवाहक अध्यक्ष के माध्यम से ही भर्ती प्रक्रिया को सुचारू तरीके से गतिमान कराने की मांग को लेकर धरना दिया जाएगा। साथ में ज्ञापन सौंपा जाएगा।