जनवरी में ही टीईटी कराने की तैयारी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत जनवरी में ही शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) कराने की तैयारी है। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने के लिए टीईटी क्वालिफाई करना अनिवार्य है। इसके अलावा बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों के लिए भी यह अनिवार्य कर दिया गया है। इसलिए शिक्षकों एवं प्रतियोगियों को टीईटी का इंतजार है। ऐसे में प्रो.कीर्ति पांडेय के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद बने गतिरोध से प्रतियोगियों में निराशा की स्थिति है।
अध्यक्ष का पद खाली होने की वजह से टीईटी के भी स्थगित होने की आशंका बन गई है। हालांकि, आयोग के अफसरों का कहना है कि तय तारीख पर ही टीईटी कराने की पूरी तैयारी है। बशर्ते कि नए अध्यक्ष की तैनाती जल्द हो जाए। सचिव मनोज कुमार का कहना है कि टीईटी के लिए अभी पर्याप्त समय है। इसके लिए प्रशासनिक तैयारी जारी है। आयोग का आदेश हुआ तो विज्ञापन जारी करने संग आवेदन समेत अन्य प्रक्रिया पूरी करके जनवरी में शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई जाएगी।