कैंट में घूम-घूमकर युवाओं व किशोरों का अश्लील वीडियो दिखाना युवक को महंगा पड़ा। शिकायत पर पुलिस ने उसे पकड़कर जांच पड़ताल की तो उसके मोबाइल में कई अश्लील वीडियो मिले। जिसमें बच्चों से जुड़ी अश्लील सामग्री भी थी, जिस पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
कैंट पुलिस ने बताया कि काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि साहिल उर्फ सोनू नाम का युवक राजापुर व आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर अश्लील वीडियो युवाओं व किशोरों को दिखा रहा है। जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर उसे ट्रैफिक चौराहे के पास से पकड़ लिया गया।
उसके मोबाइल में कई अश्लील वीडियो मिले। जिसमें से एक वीडियो चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से पाता था और फिर इसे अपने जानने वालों को भेजता था। साथ ही मोहल्ले के युवकों व किशोरों को दिखाता था। कैंट इंस्पेक्टर ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।