सऊदी अरब जा रहे अपने मामा को लखनऊ में एयरपोर्ट तक छोड़ने जा रहे युवक की शनिवार सुबह घने कोहरे के बीच हुए हादसे में मौत हो गई। उन लोगों की बोलेरो फोरलेन हाईवे पर पहले से खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। युवक के मामा समेत तीन की हालत गंभीर है।
घटना शनिवार सुबह करीब आठ बजे की है। कोखराज-हंडिया फोरलेन हाईवे पर थरवई के थानापुर गांव के सामने रात से ही कोयला लदा एक ट्रक किनारे खड़ा था। सुबह घने कोहरे के बीच उतरांव की तरफ से आकर एक बोलेरो पूरी रफ्तार में ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर की आवाज और चीखपुकार सुनकर थानापुर गांव के लोग वहां पहुंचे तो बोलेरो में ड्राइवर समेत चार लोगों को खून से लथपथ देखा। खबर पाकर थरवई थाने की पुलिस भी पहुंची। बोलेरो में फंसे लोगों को पुलिस अस्पताल ले जाने लगी, लेकिन उनमें से एक की मौत हो गई।
बाकी तीन गंभीर घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे का शिकार हुआ शमशेर (20) उतरांव में इकदिल गांव निवासी बसीरउल्ला का पुत्र था। दो भाई और तीन बहनों में बड़ा शमशेर मुंबई में वेल्डिंग का काम करता था। छोटा भाई मानसिक रूप से बीमार है। ऐसे में शमशेर ही परिवार का सहारा था। सरायममरेज में मसाढ़ी गांव निवासी उसके मामा सप्पू को सऊदी अरब जाना था। शनिवार को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से उनकी फ्लाइट थी। मामा को लखनऊ तक पहुंचाने के लिए सुबह शमशेर भी बोलेरो में रवाना हुआ। उतरांव में मंडौर गांव का शानू भी साथ था। बोलेरो चला रहा था मंडौर गांव का ही दीपक कुमार है। शमशेर की मौत हो गई और उसके मामा समेत बाकी तीन लोग घायल हुए। इस हादसे से शमशेर के परिवार सदमे में है।