जौनपुर-इलाहाबाद मार्ग पर फूलपुर इलाके में सोमवार रात तेज रफ्तार बस ने पेटेल पंप के पास बाइक सवार चाचा-भतीजे को कुचल दिया। दुर्घटना के बाद बस छोड़कर ड्राइवर भाग गया। अस्पताल ले जाते वक्त चाचा की मौत हो गई। भतीजे का इलाज हो रहा है।
फूलपुर में भमई हुसामगंज निवासी शराफत अली (30) सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे अपने भतीजे अरशद (22) के साथ बाइक में पेट्रोल भराने के लिए इफको के पास पंप की ओर रवाना हुआ था। वह पंप के पास पहुंचा तभी इलाहाबाद से जौनपुर जा रही रोडवेज बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक को कुचलने के बाद ड्राइवर ने कुछ दूर जाकर बस रोकी। फिर ड्राइवर और कंडक्टर बस से उतरकर भाग गए।
वहां भीड़ जुटती देख बस में बैठे लोग भी उतरकर चले गए। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने बस कब्जे में लेकर घायल शराफत और उसके भतीजे अरशद को शहर में अस्पताल भेजा। मगर गंभीर घायल शराफत की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। भतीजे अरशद को अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनके परिजन भी रोते-कलपते अस्पताल पहुंच गए। फूलपुर थाने की पुलिस ने हादसा करने वाले जौनपुर डिपो की बस ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा लिखा है।