पहासू स्थित कोखराज हंडिया हाईवेेेे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने एक ही बाइक पर सवार हरिश्चंद्र (49), पत्नी कुसुम देवी (45) व सास मोना देवी (62) को रौंद दिया, जिससेेे तीनों की मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
सोरांव के वजीराबाद गांव निवासी हरिश्चंद्र पुत्र हीरालाल की पत्नी कुसुम देवी की बुआ की शादी थरवई थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में हुई है। हरिश्चंद्र पत्नी के साथ बुआ के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सोमवार को दोपहर में वह पत्नी और सास के साथ अपनी ससुराल सरायइनायत थाना क्षेत्र के बगई कला गांव जा रहा था।
वह जैसे ही सरायइनायत थाना क्षेत्र के जगबंधनपुर गांव के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंचा था कि तेज रफ्तार आ रहे कंटेनर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों लोग ट्रक के नीचे आ गए। कुसुम देवी व मोना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हरिश्चंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सरकारी एंबुलेंस से उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से दोनों ही परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल था। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कंटेनर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।