नैनी। मृतक सुनील कुमार निषाद की फाइल फोटो
चाका परिसर के सामने बृहस्पतिवार रात स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथ बैठे दो अन्य लोग घायल हो गए। बाइक सवार एक रात में शामिल होने जा रहे थे। घूरपुर के कंजासा गांव निवासी प्रकाश कुमार निषाद पुत्र पचई की बरात बृहस्पतिवार रात को करेली गई थी। इसमें गांव के सुनील कुमार निषाद, अभय राज गुप्ता और भगत निषाद शामिल होने जा रहे थे।
चाका परिसर के सामने स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में इनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो डिवाइडर से टकराकर काफी दूर तक बाइक घिसटती चली गई। इसमें बाइक चला रहे 20 वर्षीय सुनील कुमार निषाद पुत्र गोरे लाल निषाद के सिर पर गंभीर चोट आने से मौत हो गई। जबकि अन्य दो गंभीर घायल हो गए।
घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही सुनील का शव घर पहुंचा कि चीख-पुकार मच गई। देर शाम कंजासा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। सुनील कुमार अहमदाबाद में ऑनलाइन बुकिंग का सामान ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। बीते 23 अप्रैल को ही वह अहमदाबाद से घर आया था।