नैनी। रीवा राजमार्ग पर चाका ब्लाक के सामने शव रखकर चक्काजाम करते हुए परिजनों को समझाती पुलिस। स
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चाका में शुक्रवार को लगाए गए शिविर में नसबंदी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने रीवा राजमार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। एक घंटे तक राजमार्ग पर शव रखने के बाद परिजन सीएचसी चाका परिसर पहुंचे और यहां शव रखकर घंटों डटे रहे। सूचना पर एसीपी करछना, तहसीलदार करछना सहित नैनी, करछना, घूरपुर और औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारी कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को समझाने बुझाने में लगे रहे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाका में शुक्रवार को नसबंदी शिविर लगा हुआ था, जिसमें नैनी थाना क्षेत्र के चकमुंडी मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय रोशनी पत्नी प्रवेश भारतीय की शिविर में 23वें नंबर पर नसबंदी होनी थी। वह आशा कार्यकर्ता के साथ दोपहर करीब तीन बजे सीएचसी पहुंची थी।
यहां शाम चार बजे के बाद नसबंदी की जाने लगी तो उसकी हालत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर परिजन पहुंचे गए। एसआरएन अस्पताल में मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार वाले शव लेकर सीएचसी पहुंचे और रीवा राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
घटना के बाद शिविर में शामिल चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मचारी वहां से फरार हो गए। राजमार्ग पर चक्काजाम के कारण वाहनों की कतार लग गई। मौके पर तहसीलदार बृजेश कुमार, एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह, नैनी, औद्योगिक क्षेत्र, घूरपुर और करछना की पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझते हुए सड़क से हटाई तो वह शव लेकर सीएचसी परिसर में पहुंच गए। वह अपनी मांगों को मांने जाने व मौके पर जिलाधिकारी के आने पर शव ले जाने की जिद पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक परिजन शव लेकर सीएचसी परिसर में मौजूद रहे।
एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले में चिकित्सक व अस्पताल स्टॉफ की जांच की जाएगी। मुआवजा व भूमि आवंटन की कार्रवाई तहसील प्रशासन द्वारा करने का आश्वासन परिजनों को दिया गया है। वहीं तहसीलदार बृजेश कुमार ने भी मामले में तहसील प्रशासन द्वारा मदद के लिए शासन को पत्र लिखे जाने व कार्रवाई का आश्वासन परिवार वालों को दिया।