उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रतियोगियों को एक और बड़ा झटका दिया है। पीसीएस-2015 प्री की निरस्त परीक्षा 10 मई को होगी। जबकि, उसी दिन राजकीय इंटर कालेज एवं आश्रम पद्धति विद्यालय में प्रवक्ता स्क्रीनिंग परीक्षा-2013 भी होनी है। ये दोनों भर्ती परीक्षाएं आयोग की ही हैं। इसके बावजूद दोनों परीक्षाएं एक दिन हैं। इसकी वजह से हजारों अभ्यर्थियों को किसी एक अवसर से वंचित होना पड़ेगा।
पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा के अभ्यर्थियों की समस्याएं कम होती नहीं दिख रहीं। दोनों पेपर निरस्त करने की उनकी मांग को मानना तो दूर आयोग की चूक की वजह से दूर उनसे एक और अवसर छिनने जा रहा है। आयोग और दूसरी संस्थाओं की भर्ती परीक्षाओं के टकराने की शिकायत आम है लेकिन इस बार आयोग की ही दो परीक्षाएं एक दिन पड़ रही है। पेपर आउट होने की वजह से आयोग ने 29 मार्च को हुई पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा का पहला पेपर निरस्त कर दिया है। हालांकि अभ्यर्थी दोनों पेपर आउट होने की बात कर रहे हैं और उसे भी निरस्त करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। आयोग की ओर से निरस्त परीक्षा 10 मई कराने की घोषणा की गई है लेकिन यह तिथि घोषित करते समय आयोग ने खुद का कैलेंडर ही नहीं देखा।
आयोग की ओर से अगस्त तक होने वाली परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार 10 मई को राजकीय इंटर कालेज एवं आश्रम पद्धति विद्यार्थी में प्रवक्ता स्क्रीनिंग परीक्षा-2013 प्रस्तावित है। प्रवक्ता भर्ती का आवेदन करने वाले तकरीबन सभी प्रतियोगियों ने पीसीएस के लिए भी आवेदन किया है। इस तरह से परीक्षाएं टकराने की वजह से दोनों भर्तियों के लिए आवेदन करने वाले प्रतियोगियों को एक अवसर से वंचित होना पड़ेगा।