जीआरपी ने ट्रेन में चेारी की वारदातें करने वाले एक शख्स को 7.5 लाख के गहनों संग गिरफ्तार किया है। अतहर आलम नाम का यह आरोपी मूल रूप से अररिया बिहार का रहने वाला है जो मौजूदा समय में खागा फतेहपुर स्थित अपनी ससुराल में रहता है। जीआरपी अफसरों ने बताया कि हाल के दिनों ट्रेनों में लगातार चोरी की वारदातें हो रही थीं जिसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया था।
इसी दौरान आरोपी को संदेह के आधार पर पकड़ा गया। सीसीटीवी फुटेज से मिलान करने पर पता चला कि वही चोरी की वारदातें करता था। उसके कब्जे से 10 हजार नगद, एक ट्रॉली बैग मय कपड़े के अलावा 7.5 लाख के गहने बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह गहने ट्रेन से ही चुराए थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी से पूछताछ में चार घटनाओं का खुलासा हुआ है। जिनमें उसने अपनी संलिप्तता कबूली है। इसके अलावा रविवार को ही संतोष निवासी पन्ना, मप्र को ट्रेन में चोरी किए गए दो मोबाइल के साथ पकड़ा गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।