शनिवार देर रात गल्ला गोदाम से एक पिकअप धान चोरी किए जाने की घटना सामने आई है। चोरी के बाद धान बेचकर लौट रहे पिकअप चालक को पुलिस ने वाहन समेत हिरासत में ले लिया। गोदाम मालिक की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ।
फूलपुर थाना क्षेत्र के चकिया फतेहपुर माफी बाजार गांव निवासी गुलाब गुप्ता का प्राथमिक विद्यालय के पास गल्ला गोदाम है, जहां धान खरीद कर स्टोर किया गया था। शनिवार रात अज्ञात चोर पिकअप वाहन से पहुंचे और गोदाम के पीछे का ताला तोड़ दिया। चोरों ने धान की बोरियों को ही सीढ़ी बनाकर गोदाम से एक पिकअप धान बाहर निकाल कर लाद लिया और फरार हो गए।
इसी दौरान चोरी की आहट लगने पर आसपास के लोगों ने गोदाम मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गुलाब गुप्ता ने धान लेकर भाग रहे पिकअप का पीछा किया। हालांकि चोर भागने में सफल रहे, लेकिन गोदाम मालिक ने पिकअप का नंबर और उस पर लिखा टेंट हाउस का नाम नोट कर लिया। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी और लोकेशन उपलब्ध कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर पिकअप वाहन समेत चालक को पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि चोरी की घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी किया गया धान कहां और किसे बेचा गया। पकड़ा गया वाहन क्षेत्र के ही एक टेंट हाउस का बताया जा रहा है।
फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।