लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाईवे के मंसूराबाद बाईपास पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल राजमिस्त्री की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परजिनों को सौंप दिया। देर शाम श्रृंग्वेरपुर धाम के भैरव घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रघुवंशपुर उर्फ रेरुआ गांव निवासी फूलचंद्र गौतम (40) पुत्र स्वर्गीय श्रीनाथ राजमिस्त्री का काम कर अपना परिवार चलाता था। गत् 22 फरवरी को वह मंसूराबाद से शाम को काम से वापस घर आ रहा था। जैसे ही वह मंसूराबाद बाईपास पर सम्हई की तरफ पहुंचा, तभी रोडवेज बस ने उसे चपेट में ले लिया। दुर्घटना में राजमिस्त्री की बाइक रोडवेज बस में फंस गई थी। जिससे वह काफी दूर तक घिसटता चला गया था। मंसूराबाद पुलिस ने घायल मिस्त्री को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया। हालत गंभीर देख परिजनों ने उसे रायबरेली के एम्स में भर्ती किया था। जहां काफी दिनों तक इलाज चलता रहा। रेफर होने के बाद प्रयागराज शहर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। जहां बृहस्पतिवार की सुबह राजमिस्त्री ने दम तोड़ दिया। घटना से पत्नी किरन देवी, भाई गुलाब, हरिश्चंद्र, पुत्र प्रियांशु, प्रीतम, पुनीत व पुत्री प्रिया के साथ ही मां का रो-रोकर बुरा हाल है।