इलाहाबाद। चौक में घंटाघर के पास बृहस्पतिवार रात लगभग साढ़े दस बजे एक मोबाइल दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते ही आग विकराल हो गई। आग लगातार बढ़ती जा रही थी। सूचना पर फ ायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। भीड़ वाले इलाके में रात के समय हुई घटना से खलबली मच गई।
शाहगंज के रहने वाले अमित वैभव की घंटाघर के पास अमित डिस्ट्रीब्यूटर के नाम से मोबाइल की दुकान है।
इसी बिल्डिंग में ऊपरी मंजिल पर आंध्रा बैंक है। अगल-बगल दूसरी दुकानें हैं। रात लगभग साढ़े दस बजे अमित दुकान बंद कर रहे थे। उसी समय शार्ट सर्किट से अचानक दुकान में आग लग गई। दुकान के अंदर से आग की लपटें उठती देख दुकानदार दहशत में आ गया। शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार भी जुट गए। मोबाइल की दुकान में आग लगी देख अगल बगल के दुकानदार भी दहशत में आ गए। फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।
आसपास के दुकानदार आग पर काबू पाने में जुट गए। आग की सूचना पर सीएफओ इंदू कुमार तिवारी, एफएसओ योगेंद्र चौरसिया, फायरमैन धर्मेंद्र कुमार मिश्र, प्रमोद पांडेय कन्हैया लाल के साथ मौके पर पहुंचे। आग को बुझाने में फायरकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भुक्तभोगी दुकानदार के मुताबिक आग से दुकान के अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग बुझने के बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।