फूलपुर कस्बे में दुकानों पर सजे ए लाइन सूट।
- फोटो : Archive
बदलते फैशन के साथ शहर के बाजारों में ए-लाइन सूट का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। युवतियों से लेकर कामकाजी महिलाओं और गृहिणियों तक, हर उम्र की महिलाएं इस डिजाइन को पसंद कर रही हैं। आकर्षक लुक, आरामदायक फिटिंग और हर अवसर पर आसानी से पहने जाने की वजह से इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
फूलपुर के कपड़ा कारोबारियों का कहना है कि बाजार में ए-लाइन सूट चिकनकारी, कॉटन, रेयॉन, सिल्क, जॉर्जेट और कॉटन फ्लेक्स जैसे विभिन्न फैब्रिक में उपलब्ध हैं। गोटा-पट्टी, जरदोजी, सीक्वेंस और प्रिंटेड डिजाइनों वाले सूट महिलाओं को खासे पसंद आ रहे हैं। रंगों में पेस्टल शेड्स के साथ मरून, रॉयल ब्लू, बोतल ग्रीन और मस्टर्ड की मांग अधिक है।
ए-लाइन सूट का डिजाइन ट्रेंडी होने के साथ बेहद आरामदायक भी है। कॉलेज और बाहर जाने के लिए यह सबसे अच्छा विकल्प है। इसकी फिटिंग और स्टाइल दोनों पसंद आते हैं।- प्रभा कुमारी, छात्रा।
पिछले एक महीने में ए-लाइन सूट की मांग में बढ़ोतरी हुई है। इसकी शुरुआती कीमत 1200 रुपये से शुरू होकर फैब्रिक, डिजाइन और कढ़ाई के अनुसार 5000 रुपये तक है। त्योहारी सीजन को देखते हुए नए कलेक्शन भी लगातार बाजार में आ रहे हैं। - द्वारिका प्रसाद गुप्ता, दुकानदार।