प्रयागराज। दारागंज थाना क्षेत्र के ओडी फोर्ट गेट के पास बुलेट सवार कर्नल व उनकी पत्नी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कर्नल की पत्नी का पैर फ्रैक्चर के साथ ही चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। उनका मिलिट्री अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। दारागंज पुलिस ने कार चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कर्नल उमेश कुमार मेहता 508 आर्मी बेस वर्कशॉप छिवकी में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह पत्नी तनुप्रिया के साथ अपनी बुलेट से किसी काम से जा रहे थे। ओडी फोर्ट गेट प्रयागराज के सामने पहुंचते ही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती जख्मी हो गए।
घटना के बाद कार चालक ने उन्हें और उनकी पत्नी को मिलिट्री अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, मौका पाकर वह वहां से फरार हो गया। पत्नी मिलिट्री अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। जबकि वह खुद भी इस हादसे में घायल हो गए हैं। वहीं, पुलिस अब घटनास्थल और अस्पताल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर आरोपी चालक की पहचान में जुट गई है।