फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: एचटी लाइन का जंफर जोड़ते समय करंट की चपेट में आया संविदा लाइन मैन, खंभे से गिरकर मौत

Tue, 23 Dec 2025 02:30 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
हनुमानगंज के बरियारी गांव में करेंट की चपेट में आकर संविदा लाइन मैन की मौत के बाद मौके पर जुटी
विज्ञापन
सरायइनायत थाना क्षेत्र के बरियारी गांव में एक संविदा लाइन मैन एचटी लाइन का जंफर जोड़ते समय करंट की चपेट में आ गया और खंभे से गिरकर उसकी मौत हो गई। लाइन मैन शटडाउन लेकर रामापुर गांव में ट्रांसफॉर्मर चढ़ाने गया था। लाइन मैन की मौत के बाद घटना स्थल पर भारी भीड़ जुट गई।
विज्ञापन

सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने अधिकारियों की लापरवाही से लाइन मैन की मौत का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और शाम तक पुलिस को शव नहीं ले जाने दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन पर परिजन माने और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
झूंसी थानाक्षेत्र के रहिमापुर गांव निवासी फूलचंद्र पाल (45) तकरीबन 15 वर्षों से बिजली विभाग में झूंसी ग्रामीण फीडर पर संविदा लाइन मैन थे। सोमवार दोपहर में वह रामापुर गांव में शटडाउन लेकर ट्रांसफॉर्मर चढ़ाने अन्य बिजली कर्मियों के साथ गए थे। ट्रांसफॉर्मर चढ़ाने के बाद तकरीबन तीन बजे वह वहां से करीब 300 मीटर दूर बरियारी गांव में जंफर जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े, तभी कंरट की चपेट में आ गए।
विज्ञापन

इससे वह खंभे से नीचे गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। साथी के मरने के बाद अन्य बिजली कर्मी घबरा गए और मौके से भाग निकले। इसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए। परिजन बिजली विभाग की लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे और पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
शाम छह बजे उपखंड अधिकारी अतुल गौतम, अवर अभियंता भानु यादव मौके पर पहुंचे और लाइन मैन के परिजनों की मांग पर परिवार के एक सदस्य को नौकरी एवं उचित मुआवजा देने का लिखित आश्वासन देने के बाद मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति की मौत से पत्नी फूलकली व एक बेटे और चार बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। इस संबंध में अवर अभियंता भानू यादव ने बताया कि संविदा लाइन मैन के परिजनों की मांग पर परिवार के एक सदस्य को विभाग में नौकरी और उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें