इलाहाबाद। करेली इलाके के बख्शी मोढ़ा गांव में प्रापर्टी डीलर मोहम्मद नकी खां और उनके साथ मौजूद भतीजे पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। वे तो बाल-बाल बच गए लेकिन उनकी फॉरच्यूनर गाड़ी में छर्रे धंस गए। वहां से गुजर रही एक महिला भी जख्मी हुई। करेली थाने की पुलिस ने नामजद मुकदमा लिखकर छापे मारे लेकिन अभी कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है।
करेली में तुलसीपुर इलाके के मोहम्मद नकी खां प्रापर्टी का कारोबार करते हैं। उन्होंने बख्शी मोढ़ा गांव में एक व्यक्ति से जमीन का एग्रीमेंट कराया है। मंगलवार शाम वह अपने भतीजे नदीम और साथी जीशान अहमद के साथ फॉरच्यूनर गाड़ी से बख्शी मोढ़ा में जमीन देखने गए थे। वे बक्शी मोड़ के पास पहुंचे तभी वहां पहले से खड़े कई लोगों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। उनके पास बंदूक, राइफल और तमंचे थे। खतरा देखकर नकी खां ने गाड़ी तेज रफ्तार में भगा दी। फायरिंग में गाड़ी के पिछले हिस्से में छर्रे धंसे। कुछ देर बाद फायरिंग की खबर पाकर करेली थाने की पुलिस पहुंची मगर तब तक हमलावर भाग गए थे। मौके पर पुलिस को एक खोखा भी मिला। घटना की जांच में उपनिरीक्षक संतोष नारायण को पता चला कि एक महिला को भी छर्रा धंसा था। पुलिस ने नकी खां की ओर से इस घटना में बब्बा, गुड्डू, चिल्ली, गुड्डू के बहनोई के खिलाफ कातिलाना हमले का केस लिखा है। जांच अधिकारी संतोष नारायण ने बताया कि प्रापर्टी के विवाद में यह हमला किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।