फाफामऊ (ब्यूरो)। बिना बिल चुकाए मरीज को अस्पताल से ले जाने पर परिवार वालों और अस्पताल कर्मियों में मारपीट और हंगामा हुआ। इसमें दो लोग घायल हो गए। बाद में पुलिस के समझाने पर मरीज को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मामले में डॉक्टर एवं अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट एवं गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। अस्पताल में तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।
प्रतापगढ़ जिले के कुंडा क्षेत्र के कुशहित गांव की शंकरी देवी हार्ट, किडनी और सुगर की समस्या से पीड़ित होने के कारण एक सप्ताह से विनीता अस्पताल में भर्ती थी। शनिवार को परिवार वाले बिना अस्पताल का बिल चुकाए मरीज को जबरन ले जाने लगे। अस्पताल के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। इस पर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें मरीज का बेटा नरेंद्र कुमार एवं दामाद ज्ञान चंद्र घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मरीज को स्वरूपरानी अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही मरीज की मौत हो गई। घायल नरेंद्र कुमार एवं ज्ञान चंद्र को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, मरीज शंकरी देवी की मौत के बाद नरेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल की डॉक्टर विनीता विश्वकर्मा एवं अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या एवं मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। दो दिन पूर्व डॉक्टर भी इसी अस्पताल में हुए विवाद में पांच लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके विरोध में फाफामऊ के कुछ व्यापारी शनिवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिए हैं। अस्पताल में तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।