इलाहाबाद। स्वर्ग रंगमंडल की ओर से बुधवार को धूमनगंज स्थित बालमित्र मदर्स इंटरनेशनल स्कूल ऐंड इंटर कालेज में लोकरंग समारोह मनाया गया। इस मौके पर ‘लोक कलाएं, राष्ट्र की पहचान’ विषयक गोष्ठी में जाने-माने लोककलाविद् अतुल यदुवंशी ने लोककलाओं के प्रति समर्पण और लोकाचारों की जीवंत रखने की अपील की। इस बारे में उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को लोक परंपराओं से जुड़ने और लोकगीतों को सहेजने और उनके प्रति सजग रहने की सलाह दी।
मशहूर लोकगायक लल्लन सिंह गहमरी ने भी लोक कलाओं का महत्व रेखांकित किया। कवि डॉ.श्लेष गौतम ने कविताओं के जरिये अपनी परंपरा, लोकाचार, व्यवहार आदि के बारे में बताया। गोष्ठी के बाद सोनाली चक्रवर्ती के निर्देशन में लोकनृत्यों की मनभावन प्रस्तुतियां हुईं, जिसमें कलाकारों ने देवी स्तुति के बाद दीप लोकनृत्य, गुजरात का डांडिया पेश कर तालियां बटोरीं।
बतौर मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता और कालेज के निदेशक सीआर यादव ने स्वर्ग रंगमंडल की पहल की सराहना की और छात्रों की बीच लोक संस्कारों को अंकुरित करने के लिए आभार ज्ञापित किया। संचालन और संयोजन धीरज अग्रवाल ने किया। अतिथियों का स्वागत शिल्पी मोहिले, नीरज अग्रवाल, रमेश कश्यप और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्या जोहरा मुजफ्फर ने किया।