इलाहाबाद। आबकारी विभाग और औद्योगिक नैनी थाने की पुलिस ने सड़वा में डीसीएम में लादकर ले जाई जा रही मध्य प्रदेश में निर्मित शराब को पकड़ लिया। ट्रक में 18 लाख रुपये कीमत की शराब की 29240 शीशी को बरामद किया गया। ट्रक को औद्योगिक थाने में लाकर सीज कर दिया गया है। आशंका है कि शराब को इलाहाबाद में खपाने के लिए लाया जा रहा था। बोतलों पर ‘ऑनली सोल्ड इन अरुणाचल प्रदेश’ की मोहर लगी है।
शराब को लाए जाने की खबर आबकारी विभाग की इलाहाबाद और कौशांबी टीम को मिली थी। आबकारी निरीक्षक राकेश बहादुर सिंह, मो. शाहिद, सुनील यादव, अमित मिश्रा एसओ औद्योगिक क्षेत्र धर्मेंद्र प्रताप सिंह के साथ ट्रक की तलाश में लग गए। आबकारी और पुलिस के दल को देखकर सड़वा चौराहे के पास ड्राइवर और खलासी ट्रक को छोड़कर भाग गए। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें शराब की पेटियां लदी हुई थीं। थाने लाकर गिनती की गई। कुल 605 पेटियां में 29240 शीशियां मिलीं। बोतलों पर मध्य प्रदेश के सतना की डिस्टलरी का पता दर्ज हैं। इस पर निर्माण की तिथि भी जून 2014 लिखी हुई है। इस शराब को अरुणाचल प्रदेश के लिए भेजा जा रहा था। एसओ के मुताबिक इस संदर्भ में डिस्टलरी से जानकारी मांगी जाएगी यह खेप कौन लेकर जा रहा था। ट्रक पर मध्य प्रदेश का नंबर लिखा हुआ है।