इलाहाबाद। खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया की रहने वाली युवती का शोहदे ने जीना दूभर कर दिया है। खुल्दाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हो जाने के बावजूद वह युवती तथा उसके परिजनों को चार अलग-अलग नंबरों से फोन और अश्लील मैसेज भेज परेशान कर रहा है। यह वहीं नंबर हैं जो एफआईआर दर्ज हैं लेकिन पुलिस अब तक शोहदे को पकड़ नहीं पाई है। युवती के परिजनों ने खुल्दाबाद थाने और साइबर सेल से भी शिकायत की लेकिन उनकी परेशानी कम नहीं हुई।
युवती को फोन करने वाले ने इतना परेशान किया कि उसे अपनी नौकरी भी छोड़नी पड़ी। उसने पहले भी शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। मजबूरी में परिजनों को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। न्यायालय के आदेश पर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद युवती ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया तो युवक परिजनों के नंबर हासिल कर कॉल करने लगा। भाई और मां के नंबरों पर भी लगातार फोन किया जा रहा है। घर वाले इतना सहम गए हैं कि अब उन्होंने कॉल रिसीव करना ही बंद कर दिया है। वह उन्हीं नंबरों को उठाते हैं जो उनके फोन बुक में हैं। युवती के भाई ने बताया कि इस मामले में अब सोमवार को एसएसपी से मुलाकात की जाएगी। उधर खुल्दाबाद पुलिस का कहना है कि मामले को साइबर सेल को ट्रांसफर किया जा चुका है।