इलाहाबाद। कोचिंग के लिए निकले बीएचएस के 10वीं के छात्र एकल यादव और शिखर सिंह के मध्य प्रदेश में होने की जानकारी पुलिस को मिली है। जिस दिन दोनों छात्र गायब हुए, उसी दिन सुबह 10.30 बजे एकल का मोबाइल रीवा के रायपुर इलाके में दो मिनट के लिए ऑन हुआ था। पुलिस मान रही है कि दोनों एमपी में कहीं हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजिल सैनी ने गायब छात्रों के परिजनों से शुक्रवार को मुलाकात भी की। उन्होंने शिवकुटी, कीडगंज थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया है।
एक टीम मध्य प्रदेश के लिए रवाना की गई है। शिखर के परिजनों ने बताया कि उसके पास मोबाइल फोन नहीं था। वह एकल की बाइक से 20 मई को सुबह सात बजे सिविल लाइंस में क्लाइव रोड स्थित कोचिंग के लिए निकला था। साढ़े तीन घंटे बाद दोनों की लोकेशन रीवा जिले में मिली। पुलिस अब तक एकल की बाइक का भी पता नहीं लगा सकी है। एकल के पिता राजेश यादव और मां कुसुम तो कुछ कह पाने की स्थिति में नहीं हैं। चौखंडी के रहने वाले राजेश यादव नैनी स्थित वैद्यनाथ कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं। शिखर के पिता जगदीश प्रसाद शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस को जानकारी मिली है एकल के पास दो मोबाइल हैं। उसका रिलायंस का नंबर 20 मई को कुछ देर के लिए रीवा में ऑन हुआ था। इससे कोई कॉल नहीं की गई थी। इसके बाद फिर से मोबाइल बंद हो गया। इसी आधार पर शिखर के परिजन दोनों को खोजते हुए रीवा, मैहर होते हुए खजुराहो तक पहुंच गए। पुलिस ने एकल और शिखर के तमाम दोस्तों से भी बात की है लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है। क्राइम ब्रांच ने दोनों छात्रों के कॉल डिटेल निकलवाए हैं।