इलाहाबाद (ब्यूरो)। रेलवे के करीब 50 हजार और कर्मचारी भी अब लार्जेस योजना से जुड़ गए हैं। इन सभी को लार्जेस का लाभ मिलेगा। कर्मचारी संगठनों की मांग पर रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है। इस योजना का लाभ ग्रेड-पे 1800 रुपये में शामिल कर्मचारियों को मिलेगा। दूसरी ओर आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण इस आदेश को लेकर विवाद भी खड़ा हो सकता है। रेलवे बोर्ड ने जोनल अफसरों को निर्देश दिया है कि इसका प्रचार-प्रसार न किया जाए।
रेलवे बोर्ड के डिप्टी डाइरेक्टर स्थापना अनिल कुमार की ओर से 24 मार्च को इससे जुड़ा आदेश जारी किया गया है। इसके मुताबिक ट्रैक पर कार्य करने वाले इलेक्ट्रिकल पॉवर स्टॉफ, ट्रैक मशीन स्टॉफ, ब्रिज स्टॉफ, टीआरडी स्टॉफ और पीडब्ल्यूआई खलासी स्टॉफ को इसका लाभ मिलेगा। बोर्ड के इस आदेश से लाभान्वित होने वाले कर्मचारियों की सर्वाधिक संख्या पीडब्ल्यूआई खलासी स्टॉफ और इलेक्ट्रिकल पॉवर स्टॉफ की है। बोर्ड ने कहा है कि जनवरी से जून 2014 की छमाही चक्र से इसका लाभ कर्मचारियों को मिलेगा। लार्जेस (लिबरलाइज्ड एक्टिव रिटायरमेंट स्कीम फॉर गारंटीड इंप्लायमेंट फॉर सेफ्टी स्टॉफ) योजना में आवेदन करने वाले कर्मचारियों से हर छठे महीने अनिवार्य सेवानिवृत्ति का आवेदन लेने और उनके एक बच्चे की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगा जाता है। योजना की शुरुआत वर्ष 2010 से हुई थी।
इस आदेश को जल्द जारी करने का आश्वासन पिछले दिनों रेलवे बोर्ड ने कर्मचारी संगठनों को दिया था। इस बीच आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। कर्मचारी संगठनों को उम्मीद थी कि चुनाव बाद बोर्ड आदेश जारी करेगा लेकिन बोर्ड ने चुनाव के दौरान ही कर्मचारियों को लाभान्वित करने वाला यह आदेश जारी कर दिया है।