नैनी (इलाहाबाद)। केंद्रीय कारागार नैनी से कुछ ही दिन पहले सोनभद्र स्थानांतरित डिप्टी जेलर विजय राय को शासन ने निलंबित कर दिया है। अनुमान है कि डिप्टी जेलर पर गाज पिछले दिनों नैनी जेल के भीतर एडीजी कारागार की छापामारी के दौरान कई मोबाइल फोन, सिमकार्ड, चार्जर, चाकू, नशीले पदार्थ मिलने के चलते की गई है। इसी बरामदगी के बाद डिप्टी जेलर का नैनी सेंट्रल जेल से तबादला कर दिया गया था।
नैनी सेंट्रल जेल में यह खेल पहली बार नहीं उजागर हुआ है। जेल में बंद होने के बावजूद कैदियों को ऐसी तमाम वस्तुएं मुहैया हो जाती हैं जिनकी मनाही है। पैसों के बूते खाने-पीने की चीजों के अलावा गांजा, सिगरेट-बीड़ी, भांग जैसे नशीले पदार्थ से लेकर मोबाइल फोन तक उन्हें जेल में मिल जाते हैं। पेशेवर बदमाश मोबाइल फोन के जरिए अपने गुर्गों से बात कर आपराधिक साजिश रचते हैं। कई घटनाओं की साजिश जेल में बंद अपराधियों द्वारा रचे जाने का खुलासा हो चुका है। ऐसी शिकायत बढ़ने पर करीब15 दिन पहले एडीजी जेल ने लखनऊ से आकर जेल में छापा मारा था। उन्होंने दो जेल अधीक्षकों, दो एसपी, कई सीओ और थानेदारों के साथ नैनी जेल में तलाशी अभियान चलाया तो सकते में रह गए। जेल में आठ मोबाइल फोन, सिम, चार्जर, बैटरी, चाकू, भांग, हेयर डाई आदि की बरामदगी से साफ हो गया कि वहां जेल अफसरों की शह पर कैदियों की मनमानी है।
माना जा रहा था कि इस तलाशी अभियान के बाद जेल अफसरों पर गाज गिरेगी। शुक्रवार को जानकारी मिली कि नैनी जेल से कुछ दिन पहले सोनभद्र जिला कारागार स्थानांतरित विजय राय को शासन से निलंबित कर दिया है। जेल में छापेमारी के दौरान विजय की तैनाती यहीं थी। नैनी जेल से सोनभद्र ट्रांसफर के बाद अब डिप्टी जेलर के निलंबन के पीछे जेल में प्रतिबंधित वस्तुओं, मोबाइल फोन, चाकू की बरामदगी ही मानी गई है।