फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिविल लाइंस में पुलिस के सामने तड़तड़ाईं गोलियां, छात्रनेता जख्मी

Sun, 16 Feb 2014 05:30 AM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। सिविल लाइंस में टीबी सप्रू रोड पर शनिवार को जमीन खाली कराने के दौरान पुलिस की मौजूदगी में दिनदहाड़े गोलियां तड़तड़ाईं। बवाल एक लड़की का हाथ पकड़े जाने का आरोप लगने के बाद शुरू हुआ। गुस्साए लोगों ने कोर्ट के आदेश पर पुलिस के साथ जमीन खाली कराने आए लोगों को लाठी-डंडा, पत्थर लेकर खदेड़ लिया। भागते हुए लोगों ने गोलियां चलाईं। एक गोली एनएसयूआई पूर्वी उत्तर प्रदेश के महासचिव अजीत पासी के पेट में जा धंसी। डेढ़ दर्जन से अधिक लोग तो भाग निकले लेकिन मौके से दिवंगत पूर्व सांसद जंग बहादुर पटेल का वकील बेटा कुलदीप सिंह पटेल धर लिया गया। पुलिस ने स्कार्पियो, बोलेरो और 15 बाइक जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। पथराव में स्कार्पियो और जेसीबी क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन

जमीन खाली कराने का आदेश शुक्रवार को जारी हुआ और सिविल लाइंस के इंस्पेक्टर को शनिवार को मौके पर पुलिस भेजने का निर्देश दिया गया। विवाद छोटेलाल पटेल और टीबी सप्रू मार्ग पर लगभग 400 वर्ग गज के प्लॉट में रहने वाले सागरपेशा के 11 परिवारों के बीच चल रहा था। फैसला छोटेलाल के पक्ष में आया था। राजापुर के रहने वाले छोटेलाल पूर्व सांसद जंगबहादुर पटेल के भाई हैं। दोपहर में जमीन को खाली कराने की कार्रवाई शांतिपूर्वक चल रही थी। मौके पर राजस्व विभाग के अफसर, न्यायालय अमीन और सिविल लाइंस थाने की फोर्स भी मौजूद थी। इसी बीच स्कार्पियो, बोलेरो और बाइक से पूर्व सांसद के बेटे कुलदीप सिंह पटेल, आलोक रंजन पटेल, छोटे लाल और वकील राहुल सिंह पहुंचे। इनके साथ करीब डेढ़ दर्जन लोग थे, जिनमें कुछ वकील भी शामिल थे। इन्होंने लोगों से चाभियां लेनी शुरू कर दीं। आरोप है कि दीनानाथ के घर में घुसकर एक लड़की के हाथ से चाभी छीनने की कोशिश की गई। विरोध करने पर लड़की का हाथ पकड़कर घसीटा गया और थप्पड़ मारे गए। लड़की ने शोर मचाया तो सागरपेशा तथा आसपास के लोग जुट गए और सभी को खदेड़ दिया। लड़की भी युवक के पीछे लाठी लेकर दौड़ पड़ी। पल भर में ही माहौल गर्मा गया। लोगों ने पथराव किया और स्कार्पियो तथा जेसीबी के शीशे चूर कर दिए। भागते हुए कुलदीप और राहुल ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। लोगों ने एक दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। आरोपियों के साथ आए लोग अपनी गाड़ियां भी नहीं ले जा सके। लड़की का कहना है कि उस पर निशाना साधकर गोली चलाई गई, जो बीच में आए अजीत पासी के पेट में लगी। अजीत की मौजूदगी को लेकर भी अलग-अलग बयान आ रहे हैं। उसके जानने वालों का कहना है कि वह झगड़ा देखकर रुक गया था लेकिन पुलिस का कहना है कि वह कुलदीप और राहुल के साथ आया था।
मौके से ही कुलदीप सिंह को पकड़ लिया गया। उसकी जमकर धुनाई भी हुई। कुलदीप के रिवाल्वर में दो खोखे और तीन जिंदा कारतूस मिले। फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी सिटी राजेश यादव भी फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। सागरपेशा के लोगों की तहरीर पर कुलदीप, आलोक रंजन, छोटे लाल और राहुल के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 307, 7 सीएलए एक्ट और एससी-एसटी के तहत मुकदमा लिख लिया गया। बाकी के आरोपियों की तलाश की जा रही है। अजीत को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वह नैनी के नंद किशोर डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें