इलाहाबाद। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एएमए समेत विभिन्न संगठनों की ओर से संगोष्ठियां एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर कैंसर विशेषज्ञों ने बीमारी को जानने, पहचानने, रोकने और लड़ने का नारा दिया। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को समाप्त कर काफी हद तक इस पर काबू पाया जा सकता है।
एएमए की संगोष्ठी में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. बीके मिश्र ने कहा कि वर्ष 2014 में पूरी दुनिया में कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का लक्ष्य रखा गया। कैंसर के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता की जरूरत है। जहां तक लक्षणों का सवाल है तो तमाम ऐसे लक्षण है जिन्हें प्राथमिक अवस्था में ही पहचाना जा सकता है और बेहतर इलाज संभव है। कहा योजनाबद्ध तरीके से इलाज किया जाए तो एक तिहाई कैंसर को रोका जा सकता है।
व्यायाम करके और मोटापा को कम करके स्तन, आंत, गुर्दे और गाल ब्लेडर कैंसर से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि जहां तक बीमारी के सामान्य लक्षणों का सवाल है तो यदि मुंह में छाला तीन चार हफ्तों में ठीक न हो रहा हो, आवाज में बदलाव हो, खाने पीने में परेशानी हो रही हो, खांसी या सांस फूलने की शिकायत बरकरार हो, महिलाओं के स्तन में गांठ हो, शरीर के किसी भाग में असामान्य रक्तस्राव हो रहा हो तो कुशल चिकित्सक से संपर्क कर शंकाओं का समाधान कर लेना चाहिए। साथ ही तंबाकू और शराब से परहेज कर कैंसर से बचा जा सकता है। सेमिनार के दौरान विशेषज्ञ डॉ. मिश्रा ने चिकित्सकों से आह्वान किया कि वे कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में अपना योगदान दें। संगोष्ठी में संस्था अध्यक्ष डॉ. वीके मिश्रा, डॉ. शार्दूल सिंह, डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. अनिल शुक्ला, डॉ. आरकेएस चौहान, डॉ. अशोक कुमार डॉ. युगांतर पांडेय आदि चिकित्सक उपस्थित थे।
विश्व कैंसर दिवस पर ‘आक्सीजेन क्यूआइसी हेल्थ केयर सोल्यूशन और मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. निशांत’ की ओर से ट्रीट सेंटर की स्थापना की गई। डॉ. निशांत ने पत्रकारवार्ता में बताया कि आक्सीजेन ऐसा केंद्र खोला गया है जहां तंबाकूनिषेध और कैंसर से जुड़ी तमाम जानकारियां नि:शुल्क दी जाएगी। कैंसर जांच की सुविधा भी नि:शुल्क रहेगी। सेंटर की दो हेल्प लाइनों 8005314842 और 9336031302 पर फोन कर जानकारी ली सकती है।
मां गंगा शिक्षा एवं सेवा समिति की ओर से संगोष्ठी का आयोजन करने के अलावा पत्रक बांटे गए। मुख्य वक्ता डॉ. धीरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि कैंसर एक घातक बीमारी है लेकिन यदि समय रहते बीमारी का पता चल जाए तो इलाज संभव है। कार्यक्रम में राम किंकर शुक्ल, विभा पांडेय, अतुल मिश्र, साक्षी सोनकर, रमाशंकर शुक्ल, शारदा पांडेय, सोनिया तिवारी, प्रवीण समेत कई लोग शामिल थे। सामाजिक संस्था शाइनिंग इंडिया की ओर से भी कैंसर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान संस्था अध्यक्ष राकेश सिंह, सत्येंद्र उपाध्याय, आशीष कुमार तिवारी, समीर सिंह, विजय यादव, विकास तिवारी, नीरज दूबे, महेंद्र सिंह समेत कई लोग उपस्थित थे।