इलाहाबाद। माघ मेला क्षेत्र में विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं को संगठन के फायर ब्रांड नेता प्रवीण तोगड़िया भी दीक्षा देने पहुंच रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं को संगठन के विस्तार, अनुशासन और कार्यक्रमों के आयोजन की सफलता के गुर सिखाएंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि मेला क्षेत्र में जुटने वाले कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी कहा जा सकता है। एक दिन पहले ही वाराणसी में आरएसएस और विहिप नेताओं की बैठक में चुनाव में भागीदारी को लेकर रणनीति बनी है।
माघ मेला में प्रत्येक वर्ष विहिप का शिविर लगता है लेकिन इस दफे लोकसभा चुनाव करीब होने से शिविर में होने वाली चर्चाओं पर सभी की निगाह लगी है। शनिवार से काशी प्रांत के जिला प्राधिकारियों का अध्यात्म चिंतन वर्ग शिविर प्रारंभ हुआ। क्षेत्रीय संगठन मंत्री रास बिहारी ने इसका उद्घाटन किया। देर रात तक चले तीन सत्रों में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन का महत्व बताया। इसमें अनुशासन और त्याग के पाठ भी पढ़ाए गए। संगठन के नेता सुरेश अग्रवाल के मुताबिक वरिष्ठ पदाधिकारी प्रवीण तोगड़िया 27 जनवरी को कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। शिविर में उनके रविवार की शाम तक पहुंच जाने की संभावना है।
संगठन के सूत्र बताते हैं कि यह चिंतन शिविर है। इसमें संगठन और उसकी गतिविधियों के साथ ही भविष्य की कुछ योजनाओं पर भी विचार-विमर्श संभव है। साथ ही लोक सभा चुनाव में संगठन के कार्यकर्ताओं को सौंपी जाने वाली जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हो सकती है। वजह, एक दिन पहले ही वाराणसी में आरएसएस ने विहिप के प्रांतीय नेताओं के साथ चुनावी अभियान की रणनीति बनाई है। बैठक में संगठन के विनायक राव, मनोज श्रीवास्तव, विमल प्रकाश, आशुतोष श्रीवास्तव, अमित पाठक, पवन श्रीवास्तव, विशाल, चंद्र प्रकाश, नीरज द्विवेदी आदि शामिल रहे।