इलाहाबाद। सिपाही भर्ती परीक्षा 15 दिसंबर को जिले के 132 केंद्रों पर होगी। परीक्षा के लिए दूसरे जिलों से 64 हजार 348 अभ्यर्थी इलाहाबाद आएंगे। परीक्षा के संदर्भ में बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में केंद्र व्यवस्थापकों, क्षेत्राधिकारियों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक बुलाई गई। सभी कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा के दिन सुबह 10 बजे तक केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा 11 बजे आरंभ होगी।
परीक्षा के लिए 42 केंद्र फूलपुर में, 11 सोरांव में, 14 करछना में, 13 हंडिया में, 32 शहर में तथा 20 बारा में बनाए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेट 15 दिसंबर को प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट परीक्षा केंद्र पर पहुंचाएंगे और दोपहर दो बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद इसे शहर लाने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक राजकमल यादव ने बताया कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन और इलेक्ट्रानिक घड़ियों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। बैठक में एसपी सिटी राजेश यादव, एसपी क्राइम एके पांडेय, एसपी गंगापार शफीक अहमद, एडीएम सिटी, सीओ तृतीय नीति द्विवेदी उपस्थित रहीं।