इलाहाबाद। टेंपो चलवाने को लेकर 11 महीने पहले हुए झगड़े ने दोस्ती में ऐसी दरार डाली कि अंत एक की हत्या के साथ हुआ। शाहगंज में राजा रीवा का हाता के रहने वाले गणेश जायसवाल ने दो दिन पहले अपने दोस्त मो. अनीस इब्राहिम (26) की गोली मारकर हत्या करने के बाद लाश को अपने ही घर में छिपा दिया। हत्या करने से पहले उसने अनीस के कान भी काट दिए और सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार किया। अनीस के घर वालों की तरफ से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने गणेश को हिरासत में ले लिया और घर से शव बरामद किया।
अनीस का घर नैनी के महेवा पूरब पट्टी में है। उसके पिता मो. सिद्दीक वहीं पर चाय की दुकान चलाते हैं। 19 नवंबर की रात जब अनीस घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोज शुरू हुई। उसका मोबाइल तो ऑफ था ही, उसके दोस्त भी कुछ खास नहीं बता सके। रेलवे स्टेशन टेंपो स्टैंड पर पूछताछ के बाद पता चला कि वह आखिरी बार गणेश के साथ देखा गया था। अनीस के घर वाले बुधवार की रात खुल्दाबाद थाने पहुंचे। खुल्दाबाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की बृहस्पतिवार को राजा रीवा के हाता स्थित घर से गणेश को धर लिया गया। रात भर वह पुलिस को झांसा देता रहा। जब पुलिस ने कर्रा किया तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने राजा रीवा का हाता स्थित एक खंडहरनुमा घर की दूसरी मंजिल से रजाई में लपेट कर रखे गए शव को बरामद कर लिया। एसओ शाहगंज विनोद यादव भी मौके पर पहुंच गए। यह घर भी गणेश का है। ऊपरी कमरा उसके कब्जे में है। नीचे के हिस्से को उसने किराए पर दे रखा है। उसका परिवार इसी मोहल्ले की दूसरी गली में रहता है। 19 नवंबर की रात अनीस और गणेश साथ-साथ थे। दोनों ने पुराने मकान में बैठकर शराब पी। एसओ शाहगंज के मुताबिक दोनों में ‘तू बड़ा-मैं बड़ा’ को लेकर झगड़ा हुआ था। दोनों के बीच महाकुंभ में टेंपो चलाने को लेकर भी विवाद हुआ था। मारपीट भी हुई थी लेकिन बाद में दोनों ने समझौता कर लिया। गणेश पुलिस के सामने रट लगाए रहा कि उसने गोली नहीं चलाई। तमंचा अनीस ही लेकर आया था। वह तो खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था तभी गोली चल गई। हालांकि पुलिस बयान को सच नहीं मान रही। एसओ के मुताबिक गोली अनीस की कनपटी से सटाकर चलाई गई। हत्या करने से पहले उसे बुरी तरह पीटने के भी सुबूत मिले हैं। उसके सिर पर चोट के गहरे निशान हैं तथा एक कान भी कटा हुआ था। पुलिस को सुबूत मिले हैं कि हत्या के वक्त एक और शख्स मौजूद था। इस मामले में गणेश से पूछताछ की जा रही है।