इलाहाबाद (ब्यूरो)। करेलाबाग स्थित हर नारायण सिंह डिग्री कॉलेज में शनिवार को लैपटॉप वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह ने 202 विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस योजना की पूरी दुनिया में सराहना हो रही है। विपक्षी पार्टियों द्वारा लैपटॉप वितरण को झुनझुना पकड़ाने जैसी टिप्पणी पर सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता विपक्षी पार्टियों को झुनझुना पकड़ा देगी। उम्मीद जताई कि सपा 60 सीट प्राप्त करेगी।
श्री सिंह ने संसदीय क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। बताया कि नवंबर में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नैनी में विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। बताया कि स्वरूपरानी अस्पताल के उच्चीकरण के लिए स्वीकृत 150 करोड़ रुपये दो-तीन माह में मिल जाएंगे। करेली में आवास विकास परिषद द्वारा सड़क निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। शहर दक्षिणी में विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए दो करोड़ रुपये के कार्य शुरू हो गए हैं। इसके पहले सांसद ने रुचि इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव आर्टस में भी छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। विधायक हाजी परवेज अहमद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो वादा किया उसे डेढ़ वर्ष में पूरा कर दिया। सपा महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने सरकार की उपलब्धियों को जनजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक महेंद्र सिंह, एसडीएम सदर शत्रोहन वैश्य भी मौजूद थे। प्रारंभ में कॉलेज प्रबंधक देवेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन प्राचार्य डॉ.एसएन वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन उप प्रबंधक उदय प्रताप सिंह ने किया। समारोह में दुर्गा गुप्ता, महेंद्र निषाद, विजय वैश्य, भोला गुप्ता, पप्पू निषाद, रवींद्र यादव, महबूब उस्मानी, शाहिद प्रधान, राजेश गुप्ता, दिग्विजय सिंह, महावीर यादव, सुशील कुशवाहा, सुरेश सिंह, संतोष निषाद, गोविंद निषाद, उमेश निषाद, डॉ.पीसी यादव, नंद लाल निषाद, मोहम्मद हारून, विजय यादव, अशोक साहू, रतन साहू आदि शामिल थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर शनिवार को लैपटॉप के लिए आंदोलन कर रहे नैनी स्थिति हेमवती नंदन बहुगुणा राजकीय महाविद्यालय के छात्रों को पुलिस की लाठी खाने को मिली। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने दौड़ाकर पीटा। कई छात्रों को गंभीर चोट पहुंची है।
लैपटॉप की मांग लेकर डीआईओएस दफ्तर पहुंचे छात्र धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि पात्र होने के बावजूद उन्हें लैपटॉप नहीं दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अन्य अफसरों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। छात्रों ने नारेबाजी भी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख अफसरों ने पुलिस बुला ली। खास यह कि 30 से 35 छात्रों को रोकने के लिए वहां कई थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस अफसरों ने भी छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दौड़ा लिया और पिटाई की। इससे पहले ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के छात्रों ने भी प्रदर्शन किया।
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के 41 छात्र-छात्राओं को शनिवार को लैपटॉप मिला। हालांकि लाभार्थियों की कुल संख्या 43 है। लैपटॉप निदेशक डॉ.एमडी तिवारी ने वितरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इस कदम से लाभान्वित छात्रों को आईटी के क्षेत्र में कैरियर बनाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर जिला प्लांट प्रोडक्शन अधिकारी विनय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक प्रोफेसर सीसी नंदी, प्रोफेसर अनुरिका वैश्य, हरदेव तिवारी आदि मौजूद रहे।