इलाहाबाद। एजी कर्मी के बेटे अभिषेक कुमार सुमन को पार्सल बम भेजने वाले युवक का हुलिया लेकर एटीएस वापस वाराणसी लौट गई। युवक ने वाराणसी के पते से गोपीगंज में ब्लेज फ्लैश कोरियर कंपनी से पार्सल बुक कराया था। युवक खुद को कोरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर गोपीगंज में कोरियर के आफिस पहुंचा था। कोरियर कंपनी के कर्मचारी ने एटीएस को बताया है कि पार्सल बुक कराने वाले युवक की उम्र 24 साल के आसपास तथा रंग गेहुंआ है। युवक की कद काठी सामान्य बताई जा रही है। एटीएस हुलिए के आधार पर स्केच तैयार करवाने जा रही है।
पार्सल बम विस्फोट के बाद से पुलिस की हिरासत में रहे ब्लेज फ्लैश कोरियर के चमेली बाई धर्मशाला स्थित कार्यालय के एक कर्मचारी को छोड़ दिया गया। इसी ने अभिषेक को फोन करके आफिस बुलाया था। पुलिस उसकी गतिविधि को संदिग्ध मानकर चल रही थी। दो दिन की पूछताछ के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लगा। अभिषेक को कोरियर आफिस बुलाए जाने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ था। अमूमन फोन पर पता लेने के बाद भी पार्सल घर पर ही पहुंचाया जाता है। इस मामले में एसएसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव ने एक टीम वाराणसी भेजी थी। वाराणसी गई टीम भी सोमवार को लौट आई। उधर एटीएस की टीम ब्लेज फ्लैश के गोपीगंज कार्यालय पहुंच गई। जिस कर्मचारी ने पार्सल बुक किया था, उससे कई घंटे पूछताछ की गई। पार्सल भेजने वाला युवक खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताकर मिला था। वाराणसी का पता होेने पर कर्मचारी ने एतराज जताया था लेकिन बाद में उसने पार्सल बुक कर लिया। उसने युवक की उम्र 24 साल के आसपास बताई है। एटीएस उसका स्केच तैयार कराने जा रही है। इलाहाबाद पुलिस भी स्केच बनवाने की तैयारी कर रही है।पुलिस ने अभिषेक के परिवार वालों से सोमवार को पूछताछ की। उसके पिता, मां, बहन, बहनोई के साथ मोहल्ले के लोगों और कुछ रिश्तेदारों से बात की गई। अभिषेक के दोस्तों की लिस्ट भी बनवाई जा रही है औैर यह पता लगाया जा रहा है कि उसका किससे विवाद हुआ था। एक जमीन के लिए हुए विवाद के बारे में भी जानकारी जुटाई गई है। पुलिस ने अभिषेक और उसके कुछ करीबियों की कॉल डिटेल निकलवाई है। इससे पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं। एटीएस ने कॉल डिटेल और फेसबुक एकाउंट को खंगाला। कुछ नंबर चिह्नित किए गए हैं, जिन पर अभिषेक की लगातार बात होती थी। पुलिस युनाइटेड कॉलेज में भी अभिषेक के दोस्तों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। अभिषेक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। सोमवार को उसके दो ऑपरेशन हुए। डॉक्टरों का कहना है कि हालात में सुधार न होने पर और ऑपरेशन भी किए जा सकते हैं। एसएसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक पूरे मामले की जांच एटीएस और इलाहाबाद पुलिस कर रही है। विस्फोटक में जिन तत्वों का इस्तेमाल किया गया है, उसकी जांच जारी है। अभिषेक के करीबियों और मोहल्लों के लोगों से भी पूछताछ की गई है।