इलाहाबाद। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो बमरौली हवाई अड्डे की सूरत बदल जाएगी। यहां नये एयरपोर्ट टर्मिनल के साथ प्रतीक्षाहाल, वातानुकूलित हाल, पार्किंग होगी। रनवे का विस्तार होगा और रात में हवाई जहाजों के उतरने के लिए आईएलएस सिस्टम वीओआर सहित अन्य व्यवस्थाओं का विकास होगा।
बमरौली एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना परिसर में होने के कारण सिविल एयर टर्मिनल के विकास सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता नहीं हो पा रही है। सांसद एवं हवाई अड्डा सलाहकार समिति के चेयरमैन कपिलमुनि करवरिया ने बताया कि 24 सितंबर को समिति की बैठक में इन मुद्दों पर विचार विमर्श कर इसकी स्थापना के लिए प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बताया कि इसके लिए वायुसेना से भूमि उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट पर प्रतीक्षालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो सकें। कहा कि रनवे के विस्तार से फ्लाइटों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
बताते चले कि सलाहकार समिति की पिछली बैठक में हवाई अड्डा पर सुविधाएं जैसे आईएलएस, वीओआर की उपलब्धता, टर्मिनल सुविधाओं में प्रतीक्षा हाल, वातानुकूलन, पार्किंग, उड़ानों की समयसारिणी, नए एयरपोर्ट टर्मिनल की स्थापना के बारे में चर्चा हो चुकी है।