इलाहाबाद। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में कार्य करने वाली महिलाओं को अब छोटे बच्चों की देखभाल के लिए टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। घर में कोई बड़ा-बुजुर्ग न हो तो महिलाएं बच्चों को कार्य स्थल पर ही लेकर आ सकती हैं। मुख्यालय परिसर में ही महिला रेलकर्मियों के बच्चों के लिए क्रेच की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। शुक्रवार को एनसीआर महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष चित्रांगदा जौहरी ने इसका उद्घाटन किया। संगठन ने क्रेच को फुलवारी नाम दिया है।
चित्रांगदा ने कहा कि फुलवारी की शुरुआत जोनल मुख्यालय की कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए की गई है। इसमें ऐसा वातावरण प्रदान किया गया है कि जिससे बच्चों की सेहत का ध्यान रखने के साथ-साथ खेलकूद और मानसिक विकास भी पूरी तरह से हो सक। अभी फुलवारी में रेलकर्मियों के बच्चों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसका प्रबंधन महिला कल्याण संगठन और कर्मचारी हित निधि की ओर से किया जाएगा। इसमें दो प्रबंधकों और दो परिचारिकाओं को नियुक्त किया गया है। मुख्यालय में कार्यरत महिलाओं के लिए अच्छा यह है कि लंच अवधि में महिलाएं बच्चों को देख भी सकेंगी। मुख्यालय में महिलाओं और अन्य कर्मचारियों की ओर से इसके लिए लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी। उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक आलोक जौहरी, कर्मचारी प्रतिनिधि आरडी यादव और आरपी सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि इलाहाबाद डिवीजन की ओर से भी एक क्रेच का संचालन किया जा रहा है।