इलाहाबाद (ब्यूरो)। एक तरफ बाढ़ से घिर इलाके तो दूसरी तरफ बारिश के बाद जलमग्न हुए क्षेत्र, हर तरफ बिजली के लिए मारामारी मची हुई है। अल्लापुर में बुधवार को भारी बारिश के बाद इस कदर जलभराव हुआ कि एहतियात पूरे इलाके की बिजली सुबह छह बजे काट दी गई। अल्लापुर के एक हिस्से में देर रात तक अंधेरा छाया रहा। वहीं, बमरौली उपकेंद्र में जम्फर उड़ जाने से बुधवार शाम साढ़े सात बजे उपकेंद्र से जुड़े सभी इलाकों की सप्लाई ठप हो गई। देर तक रात इन इलाकों में अंधेरा छाया रहा। बारिश के कारण कई और इलाकों में भी बिजली की किल्लत बनी रही।
बाढ़ ग्रस्त इलाकों में एहतियातन पहले ही बिजली काटी जा चुकी है। बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद अल्लापुर में जब गले तक पानी पहुंच गया तो बिजली को वहां भी एहतियातन कटौती करनी पड़ी। जलभराव में कुछ ट्रांसफार्मर भी डूब गए। करंट पानी में उतरता, इससे पहले विभाग के इंजीनियर हरकत में आ गए और पूरे क्षेत्र की सप्लाई ठप कर दी। दोपहर बाद जलभराव कम होने लगा तो क्रमवार क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों की सप्लाई बहाल की जाने लगी लेकिन तमाम इलाकों में देर रात तक पानी घुसा रहा। तिलकनगर में ट्रांसफार्मर तक पानी जमा होने के कारण देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं की गई। एमएल कॉन्वेंट के आसपास भी सैकड़ों घर आधी रात तक पानी के साथ अंधेरे में भी डूबे रहे।
उधर, बमरौली में बुधवार की शाम जम्फर उड़ गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े बमरौली, मीरापट्टी, मुंडेरा, बेगम बाजार, नीम सराय सहित तमाम इलाकों की बत्ती गुल हो गई। राजापुर, अशोक नगर और सलोरी के कुछ हिस्से से तो ट्रांसफार्मर भी हटा लिए गए हैं।