फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेसियों ने किया चक्काजाम, भाजपाइयों ने थाना घेरा

Tue, 06 Aug 2013 05:33 AM IST
Allahabad
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन जितनी गोपनीयता बरत रहा था, भाजपाइयों के विरोध ने उसे उतना ही सियासी बना दिया। दिन में विरोध प्रदर्शन, काले झंडे दिखाने के बाद देर शाम भाजपा विधायक ने थाना घेरा। राहुल सोमवार दोपहर 1.15 बजे विशेष एयरक्राफ्ट से बम्हरौली हवाई अड्डे पर पहुंचे। पहले सड़क मार्ग से उन्हें नैनी जाना था लेकिन विरोध की आशंका पर अचानक उनका कार्यक्रम बदल दिया गया और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिये नैनी स्थित एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट पहुंचे। इंस्टीट्यूट से कमला नेहरू अस्पताल की नैनी शाखा कुछ दूरी पर है। राहुल वहां से सड़क मार्ग से अस्पताल के लिए रवाना हुए। काफिला मेवालाल बगिया के निकट पहुंचा ही था कि भाजपाइयों का हुजूम काफिले के आगे कूद पड़ा और कार्यकर्ता राहुल को काला झंडा दिखाने लगा। कुछ सेकेंड के लिए काफिला वहीं रुका रहा। एसपीजी के लोगों ने कार्यकर्ताओं को हटाया तो थोड़ा आगे जाते ही आनंद नगर मोड़ पर भाजपाई काला झंडा लेकर काफिले के आगे कूद पड़े। सूचना पाकर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता भी पहुंच गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति को देखते हुए आयोजन स्थल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। वापसी पर एडीए मोड़ पर भाइपाइयों ने दूर से काला झंडा दिखाया।
विज्ञापन

भाजपाइयों के जबर्दस्त विरोध को देखते हुए कांग्रेसियों का हुजूम झूंसी स्थित जीबी पंत समाजिक विज्ञान संस्थान परिसर के बाहर इकट्ठा हो गया, क्योंकि नैनी से रवाना होने के कुछ देर बाद राहुल को वहां आयोजित गोष्ठी में शामिल होना था। वहां जाते वक्त तो विरोध नहीं हुआ लेकिन लौटते समय राहुल जैसे ही संस्थान से बाहर निकलकर मेन रोड पर पहुंचे, भाजपा नेता ओपी द्विवेदी, पिंटू मिश्र सहित तमाम कार्यकर्ता काला झंडा लेकर उनके काफिले के सामने कूद पड़े। इस पर कांग्रेस नेता जीशान अहमद, विजय निषाद, अजीत पासी, हसीब, श्रीशचंद्र दुबे सहित तमाम कार्यकर्ता भाजपाइयों से उलझ गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में हाथापाई शुरू हो गई। एसपीजी और पुलिस ने किसी तरह राहुल के काफिले को वहां से निकाला। काफिला तो निकल गया लेकिन उसके बाद कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। मामले में पुलिस ओपी द्विवेदी और पिंटू मिश्र को पकड़कर थाने ले गई। इस बीच कांग्रेसियों ने चक्काजाम करने का प्रयास किया तो दोबारा लाठियां चलाकर जाम खुलवाया गया। भाजपा नेताओं को पुलिस ने पकड़ा तो पार्टी विधायक केशव मौर्या झूंसी थाने पहुंच गए। भाजपाइयों ने थाने का घेराव कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों का चालान किया। थोड़ी देर बाद उन्हें एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें