इलाहाबाद (ब्यूरो)। नए पुलिस कप्तान उमेश श्रीवास्तव ने रविवार को अपनी पहली क्राइम मीटिंग में मातहत अफसरों को सख्त संदेश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता से मधुर व्यवहार के बारे में बार-बार दी जा रही हिदायत पर अमल करना होगा। छोटी सी छोटी घटना में प्रभावी कार्रवाई की जानी है। पासपोर्ट और शस्त्र लाइसेंस समेत जनता के दूसरे कामों के निस्तारण में रिश्वतखोरी की शिकायत मिलने पर थानेदार के खिलाफ सख्ती होगी।
रविवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी उमेश कुमार ने सभी एएसपी, सीओ और थानेदार से मुखातिब हुए। सबका परिचय लिया। फिर उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर अपनी प्राथमिकता बताई। एसएसपी ने कहा कि पुलिस महानिदेशक स्तर से जारी सभी आदेशों का सख्ती से पालन किया जाना है। जनता से निकटता बढ़ाएं। खाकी वर्दी की बेहतर छवि के लिए लोगों से मधुर बर्ताव बेहद जरूरी है। चोरी-छिनैती हो या कोई भी घटना, एफआईआर लिखने में कोई भी कोताही नहीं होनी चाहिए। पासपोर्ट और शस्त्र लाइसेंस के लिए पुलिस की रिपोर्ट लगवाने की खातिर आवेेदकों को परेशान न किया जाए। इसमें पैसे लेने की शिकायत मिलने पर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई जरूर की जाएगी। एसएसपी ने किसी घटना की सूचना मिलने पर फौरन मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस को रेस्पांस टाइम सुधारना होगा। समय के साथ पुलिस को भी बदलना चाहिए। उन्होंने धार्मिक पर्वों सावन और रमजान और ईद के त्योहार पर शांति-व्यवस्था के लिए सतर्कता की हिदायत दी।