इलाहाबाद। छात्रों के आंदोलन के मद्देनजर दो दिन से बंद चल रहे बारहवीं तक के सभी स्कूल बुधवार (24 जुलाई) से खुल जाएंगे। एसएमसी तक छात्राएं पहुंच सकें, इसके लिए हिंदू हॉस्टल चौराहे और एसएमसी के पास लगी बैरिकेडिंग हटाने का निर्णय लिया गया है। इससे हाथी पार्क पर लगा पहरा भी हट जाएगा और बच्चों के मनोरंजन के लिए एकमात्र पार्क बुधवार से फिर गुलजार हो जाएगा। हालांकि लोकसेवा आयोग परिसर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना रहेगा और अन्य बैरिकेडिंग एवं बैरियर भी पहले की तरह लगे रहेंगे। ऐसे में इलाहाबाद-कानपुर जीटी रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
छात्रों के आंदोलन के मद्देनजर डीएम ने शहर में बारहवीं तक के सभी स्कूल 22 एवं 23 जुलाई के लिए बंद रखने के आदेश दिए थे। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बगल में स्थित होने के कारण एसएमसी तक पहुंचने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए थे। हिंदू हॉस्टल चौराहा, धोबी घाट, महाराणा प्रताप और पत्रिका चौराहा पर बैरिकेडिंग लगा दिए जाने से इलाहाबाद-कानपुर जीटी रोड को डायवर्ट कर दिया गया, जिसकी वजह से शहरियों को जाम की जबर्दस्त समस्या से जूझना पड़ा। हिंदू हॉस्टल चौराहे पर स्थित हाथी पार्क पर भी पहरा लगा दिया गया। हिंदू हॉस्टल च्रौराहे पर लगा बैरियर और चौराहे से एसएमसी के बीच लगी बैरिकेडिंग बुधवार से हटा लिए जाने पर हिंदू हॉस्टल चौराहे से एसएमएसी तक पहुंचने का रास्ता खुल जाएगा। इसके साथ ही हाथी पार्क भी गुलजार हो जाएगा लेकिन जीटी रोड पर यातायात ठप रहेगा। जीटी रोड पर पूर्व की भांति ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। एडीएम सिटी अशोक कुमार ने बताया कि धोबी घाट, लोक सेवा आयोग और महाराणा प्रताप चौराहे पर बैरिकेडिंग लगी रहेगी। बुधवार को स्थिति देखने के बाद ही इस बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा।