इलाहाबाद। ठाकुरदीन केसरवानी ट्रस्ट के दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह की शुरूआत शनिवार को बहादुरगंज स्थित ट्रस्ट परिसर में हुई। इस मौके पर चिंतन बैठक, युवा सम्मेलन, समाज के बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
समारोह की शुरूआत कोलकाता के उद्योगपति समाजसेवी रामबाबू केसरवानी ने झंडारोहण से की। चिंतन बैठक में मुख्य अतिथि मंत्री प्रेमचंद्र गुप्त ने कहा कि केसरवानी समाज का उत्थान शिक्षा से ही संभव है। इसके लिए समाज के बुद्विजीवियों को आगे आना होगा। ट्रस्ट की ओर से समाज के लिए और अधिक करने की जरूरत है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी ऊधोश्याम केसरवानी ने कहा कि ट्रस्टी एवं सदस्य समाज के उत्थान के लिए आगे आए, ताकि धनाभाव के कारण समाज का कोई बच्चा आगे बढ़ने से वंचित न हो सके। युवा सम्मेलन में समाज के युवाओं की शिक्षा पर जोर दिया गया। संचालन कन्हैया लाल गुप्ता एवं आभार ज्ञापन अनिल कुमार केसरवानी ने किया।
समारोह में मोहन लाल गुप्ता, प्रमोद केसरवानी, अयोध्या प्रसाद केसरवानी, प्रेमशंकर गुप्ता, कृष्ण गोपाल गुप्ता, लक्ष्मीकांत, रामजी केसरवानी, राजेंद्र गु्प्ता, अमर वैश्य मुन्ना भइया आदि शामिल थे। रविवार को राजर्षि मंडपम सभागार में समापन समारोह होगा। इस दौरान महिला सम्मेलन, सौंदर्य प्रतियोगिता, खुला अधिवेशन, सम्मान समारोह आदि कार्यक्रम होंगे।