इलाहाबाद। महाकुंभ मेले में शनिवार को आंध्र प्रदेश से आए एक व्यक्ति को उसके बच्चे समेत डूबने से बचा लिया गया। जल पुलिस के सिपाही को एसएसपी मेला ने नगद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
शनिवार सुबह तकरीबन आठ बजे की घटना है। आंध्र प्रदेश के करीमपुर जिले से सीएस वेंकट रमन अपने परिवार के साथ कुंभ में गंगा स्नान के लिए आए थे। पीपा पुल नंबर दो और तीन के बीच वह घाट पर स्नान के लिए अपने बच्चे को गोद में लेकर गंगा में उतर रहे थे तभी उनका पैर फिसल गया। बच्चा उनके हाथ से छूट गया। पिता-पुत्र दोनों पानी में बहने लगे। पास में ही तैनात जल पुलिस के सिपाही धन सिंह ने देखा तो नाविक ठाकुरदास के साथ उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूद गया। कुछ पल में उन दोनों पिता-पुत्र को गंगा से सुरक्षित निकाल लाए। एसएसपी कुंभ ने सिपाही धन सिंह को एक हजार रुपये बतौर पुरस्कार देने की घोषणा की है।