इलाहाबाद। सप्लाई डिपो के पास कार और बस में हुई भीषण टक्कर के बाद स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाए गए खून से लपथपथ जख्मी इमरजेंसी में चीखते रहे। दो लाशें और तीन घायलों के पहुंचने से अस्पताल में भी अफरातफरी मच गई। डाक्टर उपचार में जुटे थे तभी जख्मी लोगों के घरवाले पहुंच गए। अपनों को गंभीर हालत में देख घरवाले भी अस्पताल में बिलखने लगे। घरवालों ने डॉक्टरों से बातचीत की और उन्हें प्राइवेट अस्पताल ले जाने की तैयारी की जाने लगी। इस दौरान वहां काफी भीड़ जुटी रही।
मरने वाले और जख्मी हुए सभी लोग अच्छे परिवारों से हैं। ऐसे में हादसे की खबर पाकर शिक्षक, व्यवसायी और छात्र अस्पताल पहुंच गए। कैंट थाने की फोर्स भी पूरी मदद में जुटी रही। एंबुलेंस से तीन घायलों को प्रीति अस्पताल ले जाया गया। परिवारवाले भी दूसरी कारों से वहां रवाना होेे गए। हादसे के बाद सप्लाई डिपो के पास घायलों को कार से निकालने वाले कुछ लोग अस्पताल तक पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि कार के आगे का हिस्सा इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था कि घायलों को कार से निकालना मुश्किल था। ऐसे में कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें निकाला गया। एक अधिवक्ता ने अपनी कार से घायलों को अस्पताल तक पहुंचाया। अरविंद और अंकित गहलौत (25) की लाशें पोस्टमार्टम हाउस भेज दी गईं तो घरवाले बिलखने लगे।