महाकुंभ नगर। कुंभ मेले में बृहस्पतिवार को फिर आग भड़क उठी। मीना बाजार में गैस रिसाव से लगी आग ने दो दुकानों को चपेट में ले लिया। आग से बाजार में अफरातफरी मच गई। पड़ोसी दुकानदार भी घबरा गए। दमकल की कई गाड़ियां लेकर अग्निशमन कर्मचारी पहुंच गए। आग बुझाने तक में दो दुकानों में करीब दो लाख का माल जल गया था। पुलिस ने गैस सिलेंडर रखने वाले दुकानदार पर कानूनी कार्रवाई की बात कही है। सिलेंडर, रेग्यूलेटर जब्त किया गया।
यह हादसा त्रिवेणी मार्ग पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ कार्यालय के सामने मीना बाजार के सबसे पिछले हिस्से में हुआ। शाम पांच बजे कॉस्मेटिक्स की दुकान में मौजूद चुन्नू का बेटा 10 वर्षीय विष्णु ने चाय बनाने के लिए गैस चूल्हे का बर्नर ऑन किया तभी आग भड़क उठी। चुन्नू ने तुरंत सिलेंडर खींचकर बाहर निकालकर बगल में माया ग्रामोद्योग की अचार-मुरब्बा की दुकान के सामने रख दिया। तेज लपटों के चलते इस दुकान में आग लग गई। दुकान में रखे आंवले के अचार, मुरब्बा, बर्फी, लड्डू आदि से भरे जार-डिब्बे जलने लगे। देखते ही देखते बगल में काशी मरणान्मुक्ति पुस्तकों की दुकान में भी आग पहुंच गई। दुकानों में मौजूद लोगों ने सामान बाहर निकालना शुरू किया लेकिन ज्यादातर माल लपटों की चपेट में आ गया। दूसरे दुकानदारों ने फौरन पानी और बालू फेंककर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। आग से घबराए दूसरे दुकानदार भी अपना माल समेटने लगे थे। कुछ देर में सीएफओ अनिमेष कुमार दमकल की दो गाड़ियों के साथ वहां पहुंच गए। फिर पुलिस अधिकारी भी आ गए।
आनन-फानन में सिलेंडर और दुकानों में आग बुझाई गई। इतनी देर में आचार-मुरब्बे की दुकान में ज्यादातर माल जल गया था। बगल की दुकान में आधी से ज्यादा पुस्तक जल गईं। आग भड़कने पर कॉस्टमेटिक्स दुकानदार चुन्नू अपने बेटे विष्णु और मां बदामा देवी के साथ वहां से भाग गया था। उसकी दुकान का भी माल तितर-बितर हो गया। पुलिस ने मौके से सिलेंडर, चूल्हा, पाइप कब्जे में लिया। अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का दावा किया गया।
0
दुकान में आग देख दो पड़े दुकानदार
महाकुंभ नगर। मीना बाजार में बृहस्पतिवार शाम दुकान में सामान जलता देख दुकानदारों की आंखों में आंसू आ गए। काफी मशक्कत के बावजूद वे नुकसान नहीं टाल सके। प्रतापगढ़ में पवन पैलेस स्थित माया ग्रामोद्योग के संचालक मनोज मिश्र और दिलीप मिश्र ने करीब 20 दिन पहले आंवले के उत्पादों अचार-मुरब्बा, बर्फी आदि की दुकान लगाई थी। दोनों भाई दुकान से माल हटाने के फेर में हल्का झुलस भी गए। उनके बगल में इंदौर के राजेंद्र गोयल ने काशी मरणान्मुक्ति नाम से पुुस्तकों की दुकान लगाई थी। तेजी से फैली आग ने उनकी दुकान में 80 फीसदी से ज्यादा पुस्तकों को नष्ट कर दिया। प्रतापगढ़ के मिश्रा बंधु तो इस घटना से बेहद व्यथित थे। वे बार-बार पुलिस और फायर अफसरों से कह रहे थे कि आज ही लखनऊ से आए कॉस्मेटिक्स दुकानदार चुन्नू ने गड़बड़ कर दिया। गैस लीकेज से आग लगी तो उसने सिलेंडर लाकर उनकी दुकान के सामने रख दिया। सिलेंडर में लगे पाइप से निकल रही लपटों ने दुकान को जला दिया। आए थे कमाई को, मगर घाटा हो गया।
0
‘कास्मेटिक्स दुकानदार ने अपने सिलेंडर में घटिया रेग्यूलेटर लगा रखा था। यह अग्निकांड रेग्यूलेटर की खामी से हुआ है। मेले में लगातार जागरूकता के लिए प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। अब आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्ती की जाएगी।’
अनिमेष कुमार, सीएफओ परेड