महाकुंभ नगर। कुंभ में प्लास्टिक से बने सभी सामानों पर पूर्णयता प्रतिबंध लगा दिया गया है लेकिन दूध के पैकेट को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। मेलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आदेश दिए हैं कि प्लास्टिक से बने सामानों को जब्त करने की कार्रवाई तत्काल शुरू की जाए। हालांकि इस आदेश का अभी अनुपालन शुरू नहीं किया जा सका है और मेला क्षेत्र में प्लास्टिक एवं उससे बनी वस्तुओं को उपयोग धड़ल्ले से हो रहा है।
पूरे मेला क्षेत्र में तमाम रेस्टोरेंट और चाय-पान की दुकानों में प्लास्टिक के ग्लास, प्लेटें एवं दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं दिख जाएंगी। मेलाधिकारी मणि प्रसाद मिश्र ने सभी 14 सेक्टरों के मजिस्ट्रेटों को आदेश दिया है कि दूध के पैकेट को छोड़कर प्लास्टिक से बनने वाली सभी वस्तुएं अभियान चलाकर जब्त की जाएं। उन्होंने मजिस्ट्रेटों को सख्ती से आदेश का अनुपालन करने को कहा है।