इलाहाबाद। महाकुंभ में संगम स्नान को पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्नान के लिए निर्मल गंगा जल उपलब्ध हो, यह मांग हर स्तर पर उठने लगी है। शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने केंद्र सरकार से इसमें पहल करने को कहा है। उन्होंने यह मांग रविवार को शिविर पहुंचे कांग्रेस महासचिव और प्रवक्ता जनार्दन द्विवेदी के माध्यम से पहुंचाई।
शंकराचार्य ने कहा कि महाकुंभ में श्रद्धालु संगम तट पर गंगा, यमुना में स्नान की साध लेकर पहुंचता है। संगम पर साधु संत, महामंडलेश्वर सब पहुंचे हैं, भारी भीड़ है लेकिन गंगा जल निर्मल नहीं है। कहा कि केंद्र सरकार ने अरबों खर्च किए लेकिन इसके बाद भी निर्मल गंगा जल की उपलब्धता नहीं हो सकी है। गंगा यमुना में नालों का गंदा पानी बिना रोक टोक मिल रहा है। वहीं मिलावटी खाद्य पदार्थ खाने से लोग बीमार हो रहे हैं। बंद कमरे में शंकराचार्य से आधा घंटा बातचीत के बाद जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर शंकराचार्य से मिलने आए हैं। बातचीत के दौरान स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, सचिव स्वामी सुबुधानंद ब्रह्मचारी मौजूद रहे।