महाकुंभ नगर। अव्यवस्था से नाराज दंडी संन्यासियों ने आखिरकार रविवार को कुंभ के पहले स्नानपर्व का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने गंगाजल लेकर संकल्प लिया कि जब तक व्यवस्थाएं पूरी नहीं हो जातीं, वे डुबकी नहीं लगाएंगे। कई दिनों से दंडी संन्यासी सेक्टर नौ स्थित दंडी बाड़ा, हरिश्चंद्र मार्ग के गंगातट पर कई मांगों को लेकर बेमियादी अनशन पर थे।
समिति के महामंत्री स्वामी ब्रह्माश्रम ने प्र्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मकर संक्रांति के स्नानपर्व के बहिष्कार की घोषणा की। दंडी संन्यासी हरिश्चंद्र घाट पर पांटून पुल के निर्माण सहित उनके शिविरों में बिजली,पानी आदि की व्यवस्था न पूरी किए जाने को लेकर नाराज थे।
समिति के अध्यक्ष स्वामी विमलदेवाश्रम के मुताबिक प्रशासन को सूचित किए जाने के बाद भी दंडी संन्यासियों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका था। बेमियादी अनशन पर बैठे सनातन ज्ञानपीठाधीश्वपर जगद्गुरु स्वामी महेशाश्रम सहित स्वामी ज्ञानेश्वर, मास्टर स्वामी महेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी, संतस्वरूप आदि ने भी बहिष्कार का समर्थन किया। इसी के साथ सभी दंडी संन्यासियों ने भी स्नान के बहिष्कार का संकल्प लिया।