इलाहाबाद। चेक चोरी कर उपभोक्ताओं के खाते से पैसा उड़ाने का सिस्टम क्या है, इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच भले ही परवान न चढ़ पा रही हो लेकिन यह तय है कि जिन लोगों के खाते से रकम लुटी है, उनका भुगतान बैंक करेंगे। जांच के बाद यह तय हो जाने पर कि फर्जी हस्ताक्षर बनाकर या चेक चोरी कर भुगतान लिया गया है, ग्राहकों का पैसा उनके खाते में भेजा जाएगा। चेक चोरी के मामले लगातार बढ़ने के बाद बैंक की ओर से ग्राहकों को आश्वस्त किया गया है कि किसी भी ग्राहक की रकम नहीं डूबेगी। आम उपभोक्ताओं के साथ लगातार हो रही धोखाधड़ी के बाद एसबीआई की ओर से ग्राहकों के लिए यह आश्वासन राहत देने वाला है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के चीफ मैनेजर एके सिंह ने बताया कि फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब बैंक पूरी तरह से चौकस हो गए हैं। उनका कहना है कि किसी भी उपभोक्ता का पैसा डूबने नहीं पाएगा। बैंक की ओर से पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान फर्जीवाड़े के शिकार ग्राहकों को यह प्रमाणित करना होगा कि उन्होंने खाते से पैसा नहीं निकाला।
हस्ताक्षर के मिलान, चेक चोरी होने की पुष्टि के बाद पैसा उपभोक्ता के खाते में पहुंच जाएगा। चेक से पेमेंट के मामले में पूरी तरह से चौकसी बरती जा रही है। दूसरे के खाते में चेक से पैसे के ट्रांसफर के मामले में तो विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं को सचेत किया कि चेक के लिए आवेदन करने के एक सप्ताह के भीतर यदि डाक से चेकबुक उनके पास न पहुंचे तो वह तत्काल बैंक से संपर्क करें। चीफ मैनेजर ने बताया कि एसबीआई ने इसके लिए डाक विभाग से पोस्टल डिलीवरी की तिथि के साथ यह जानकारी भी मांगी है कि भुगतान किसे हुआ है।
सभी बैंकों की ओर से ऐसी ही सतर्कता बरती जा रही है। इससे पहले एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक, केनरा बैंक सहित कई बैंकों के चेक धोखाधड़ी से हासिल कर खाते से पैसे उड़ाए गए थे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एग्रो इकोनामिक्स रिसर्च सेंटर के खाते से 30 लाख और विवि के कर्मचारी वेदप्रकाश सिंह के खाते से 2.50 लाख तथा महिला सिपाही के खाते से पैसा उड़ाने का मामला सामने आने के बाद बैंकों की ओर से चौकसी शुरू हो गई है।
क्या बरतें सावधानी
0 डिमांड के बाद हफ्ते भर में चेक बुक न मिले तो शाखा से संपर्क करें
0 एसएमएस एलर्ट की सुविधा जरूर लें ताकि किसी तरह के भुगतान पर सूचना मिल सके
0 काम न होने पर भी हफ्ते भर में एक बार अपना खाता जरूर चेक कर लें
0 15 दिन में एक दफे अपना एटीएम कार्ड चलाकर चेक कर लें
0 चेक मिलने, एसएमएस में कोई दिक्कत हो तो शाखा प्रबंधक से संपर्क करें